द माउंट स्कूल, सुरतिया में शहीद ऊधम सिंह जी की शहादत शताब्दी के उपलक्ष्य में प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित।।
द माउंट स्कूल, सुरतिया में शहीद ऊधम सिंह जी की शहादत शताब्दी के उपलक्ष्य में प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित।।

सुरतिया/सिरसा -(अक्षित कम्बोज ):- द माउंट स्कूल, सुरतिया में 31 जुलाई को मनाई जाने वाली महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह जी की शहादत शताब्दी के उपलक्ष्य में आज 30 जुलाई को एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जथेदार गुरजंट सिंह मिएँ विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में शहीद ऊधम सिंह जी के अद्वितीय साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा, ईमानदारी और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह जी का जीवन युवाओं के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा शहीद ऊधम सिंह जी के जीवन एवं बलिदान पर आधारित भाषण, विचार एवं श्रद्धांजलि प्रस्तुत की गई। विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा शहीदों के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन के प्रो. दीदार सिंह एवं प्रो. गुरबंत सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से महान शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन शहीद ऊधम सिंह जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि के लिए कार्य करने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।। #Newstodayhry @Newstodayhry




