Haryana
Trending

नशा, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर छात्रों को किया जागरूक, इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी ने दिए बचाव के टिप्स ll

नशा, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर छात्रों को किया जागरूक, इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी ने दिए बचाव के टिप्स ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-जिला पुलिस द्वारा नशा मुक्त समाज के निर्माण और अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सदर थाना प्रभारी महिला इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी ने गुरुवार को गांव सिकंदरपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों तथा साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिला इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिला पुलिस विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर सेमिनार एवं गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक कर रही है। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य बर्बाद कर देता है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।उन्होंने कहा कि सिरसा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। यदि किसी क्षेत्र में नशा बेचने या सेवन करने जैसी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। समाज के सामूहिक प्रयासों से ही नशा मुक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं विद्यार्थियों को साइबर ठगी के नए तरीकों से भी अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, कानून का पालन करने तथा साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यालय स्टाफ ने पुलिस के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button