गांव खरड़-अलीपुर एवं रायपुर ढाणी में नशा मुक्ति टीम का विशेष जनजागरूकता अभियान, 12 नशा पीड़ितों को घर जाकर उपलब्ध करवाई आयुर्वेदिक दवाइयां : एसपी सिद्धांत जैन।।
गांव खरड़-अलीपुर एवं रायपुर ढाणी में नशा मुक्ति टीम का विशेष जनजागरूकता अभियान, 12 नशा पीड़ितों को घर जाकर उपलब्ध करवाई आयुर्वेदिक दवाइयां : एसपी सिद्धांत जैन।।

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के नेतृत्व में जिले को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से हिसार पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में नशा मुक्ति पुलिस टीम ने थाना सदर हिसार क्षेत्र के गांव खरड़-अलीपुर एवं गांव रायपुर ढाणी में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा उपचार के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान गांव खरड़-अलीपुर के शिव मंदिर चौक में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 30 ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया। पुलिस टीम ने महिलाओं से अपने बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने, उन्हें शिक्षा, खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने तथा परिवार में नशा मुक्त वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही ग्रामीणों से स्वयं भी नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई। नशा मुक्ति टीम ने गांव के सरपंच, ग्रामीणों, नशा पीड़ितों एवं उनके परिजनों से संवाद स्थापित कर नशा छोड़ने के लिए उपचार का महत्व समझाया। इस दौरान नशा तस्करों के संबंध में गोपनीय सूचना उपलब्ध कराने की भी अपील की गई। टीम ने ग्रामीणों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी और बताया कि समय रहते उपचार एवं परिवार का सहयोग किसी भी व्यक्ति को नशे की लत से बाहर निकाल सकता है। अभियान के दौरान जिला हिसार में एक नए नशा पीड़ित की पहचान की गई। वहीं गांव खरड़-अलीपुर, रायपुर ढाणी एवं हिसार क्षेत्र के कुल 12 नशा पीड़ितों के घर पहुंचकर नशा मुक्ति पुलिस टीम ने पहली बार आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाईं तथा उन्हें नियमित उपचार जारी रखने और नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने कहा कि “नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। परिवार, ग्राम पंचायत, शिक्षण संस्थान और आमजन यदि मिलकर प्रयास करें तो युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सकता है। हिसार पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को मुख्यधारा से जोड़कर उन्हें स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान करना भी है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि नशा तस्करों एवं नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। हिसार पुलिस का नशा मुक्त अभियान आगे भी पूरे जिले में निरंतर जारी रहेगा।। #Newstodayhry @Newstodayhry




