नशा मुक्त युवा–विकसित भारत अभियान के तहत सिरसा में जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ ll
नशा मुक्त युवा–विकसित भारत अभियान के तहत सिरसा में जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत एएनएम प्रशिक्षण स्कूल, नागरिक अस्पताल सिरसा में जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डॉ. पवन, सिविल सर्जन, सिरसा के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें एएनएम प्रशिक्षण स्कूल की छात्राओं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. पंकज शर्मा, उप सिविल सर्जन, सिरसा ने कहा कि नशा आज समाज के सामने एक गंभीर सामाजिक, मानसिक एवं स्वास्थ्य संबंधी चुनौती बन चुका है। मादक पदार्थों का सेवन न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवारों को आर्थिक, सामाजिक एवं भावनात्मक रूप से भी कमजोर कर देता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण अपराध, सड़क दुर्घटनाएं, घरेलू हिंसा, शिक्षा से दूरी, बेरोजगारी तथा आत्महत्या जैसी समस्याओं में भी वृद्धि देखी जाती है। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उन्हें सकारात्मक गतिविधियों, खेल, शिक्षा, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करें। यदि कोई व्यक्ति नशे की समस्या से जूझ रहा है तो उसे छिपाने के बजाय समय रहते उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त युवा-विकसित भारत की शपथ दिलाई गई। साथ ही नशे की रोकथाम, उपचार एवं पुनर्वास से संबंधित जानकारी दी गई तथा प्रतिभागियों को माई भारत पोर्टल के माध्यम से आॅनलाइन शपथ लेने और अधिक से अधिक लोगों को इस जनआंदोलन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विक्रम सोनी, मॉनिटरिंग एवं इवैल्यूएशन अधिकारी, बलविंदर, सोशल वर्कर तथा सनी, डाटा मैनेजर ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट प्रदान किया गया तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रत्येक नागरिक की भागीदारी का आह्वान किया गया। व्यसन उपचार केन्द्र, जिला नागरिक अस्पताल, सिरसा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा बनें, युवाओं को सकारात्मक दिशा दें तथा आवश्यकता पड़ने पर नशा मुक्ति उपचार एवं परामर्श सेवाओं का लाभ उठाकर स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें। @newstodayhry #newstodayhry




