नशीला पदार्थ सुंघाकर भोले भाले लोगों से पैसे व कीमती जेवरात लूटने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार ll
नशीला पदार्थ सुंघाकर भोले भाले लोगों से पैसे व कीमती जेवरात लूटने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा लंबित मामलों के सफल निस्तारण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सदर हिसार पुलिस ने वर्ष 2024 के एक अज्ञात लूट मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्रभारी थाना सदर ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 31 दिसंबर 2024 को अशोक सरदाना निवासी कुंजलाल गार्डन, हिसार ने थाना सदर हिसार में शिकायत दी थी कि वह अपने काम से जा रहा था। गांव धान्सू से तलवंडी होते हुए जुगलान मार्ग पर बाथरूम के लिए रुका, तभी एक सफेद रंग की कार में सवार अज्ञात व्यक्तियों ने उससे बरवाला जाने का रास्ता पूछा। बातचीत के दौरान उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया तथा उसके पास से लगभग 45 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सदर हिसार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, नक्शा मौका तैयार किया, गवाहों के बयान दर्ज किए, टावर डंप का विश्लेषण कराया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार प्रयास किए। इसके बावजूद उस समय आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिलने पर नियमानुसार अदम पता रिपोर्ट दर्ज की गई।पी एस आई शिशपाल ने बताया कि थाना आजादनगर में दर्ज एक अन्य मामले में गिरफ्तार आरोपी दीवान उर्फ सुनील निवासी गांव दिनोद, जिला भिवानी ने पूछताछ के दौरान इस वारदात का खुलासा किया। आरोपी के खुलासे के आधार पर थाना सदर पुलिस ने माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे इस मामले में शामिल अनुसंधान किया। पूछताछ के दौरान आरोपी से वारदात के संबंध में विस्तार से पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे इस मामले में विधिवत गिरफ्तार किया गया। माननीय न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आरोपी से वारदात स्थल की निशानदेही भी करवाई गई, जिसकी नियमानुसार कार्रवाई की गई के उपरांत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत (ज्यूडिशियल रिमांड) पर जिला जेल हिसार भेज दिया गया।
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस जिले में लंबित मामलों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर गहन अनुसंधान कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। अपराध चाहे कितना भी पुराना क्यों न हो, दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। @newstodayhry #newstodayhry




