चार माह में साइबर अपराधियों पर डबवाली पुलिस का सशक्त प्रहार।।
चार माह में साइबर अपराधियों पर डबवाली पुलिस का सशक्त प्रहार।।

डबवाली-(पंकज गुदारा:- पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं प्रभावी मार्गदर्शन में जिला डबवाली की साइबर अपराध यूनिट डबवाली ने पिछले चार माह के दौरान साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है । अत्याधुनिक तकनीक, डिजिटल विश्लेषण व दुर्गम स्थानों पर दबिश देते हुए साइबर अपराध यूनिट ने कई जटिल मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए साइबर अपराधियों के संगठित नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया है । पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के परिणामस्वरूप साइबर अपराधियों तक पहुंच बनाकर उन्हें कानून के शिकंजे तक लाने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है ।
पुलिस प्रवक्ता व साइबर अपराध युनिट प्रभारी उप निरीक्षक आनन्द कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवधि के दौरान साइबर अपराध यूनिट ने साइबर धोखाधड़ी के विभिन्न मामलों में कार्रवाई करते हुए बाहरी राज्यों से 07 आरोपियों सहित कुल 09 आरोपी गिरफ्तार किये गए । गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 04 लाख रुपये से अधिक की नकद राशि बरामद की गई । जांच के दौरान आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरणों एवं लेन-देन का तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिससे साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा हुआ और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। इन कार्रवाइयों से न केवल पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में सफलता मिली, बल्कि साइबर अपराधियों में भी कानून का भय स्थापित हुआ। उन्होंने आगे बताया कि डबवाली पुलिस साइबर अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। ऑनलाइन धोखाधड़ी में संलिप्त व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साइबर अपराध यूनिट चौबीसों घंटे तकनीकी निगरानी रखते हुए शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर रही है तथा अन्य राज्यों की पुलिस एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर अपराधियों तक पहुंचने का कार्य निरंतर जारी है। आमजन से अपील है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम पिन, सीवीवी, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय वित्तीय जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप, टेलीग्राम या एसएमएस के माध्यम से प्राप्त किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें। ऑनलाइन निवेश, पार्ट-टाइम नौकरी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कस्टमर केयर, केवाईसी अपडेट, बिजली बिल, कूरियर अथवा लॉटरी के नाम पर आने वाली कॉल और संदेशों से विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी प्रकार के दबाव, भय या लालच में आकर ऑनलाइन लेन-देन न करें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो वह बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल , https://cybercrime.gov.in/ पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। समय पर सूचना मिलने से ठगी गई राशि को फ्रीज करवाने एवं वापस दिलाने की संभावना काफी बढ़ जाती है। डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार एवं आसपास के लोगों तक भी अवश्य पहुंचाएं । डबवाली पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि जागरूक समाज का निर्माण करना भी है, ताकि प्रत्येक नागरिक सतर्क रहे और साइबर अपराधियों के मंसूबों को विफल किया जा सके।। #Newstodayhry @Newstodayhry




