सफाई कर्मचारियों की मांगें जायज, तुरंत पूरी करे सरकार:-आनंद भांभू ll
सफाई कर्मचारियों की मांगें जायज, तुरंत पूरी करे सरकार:-आनंद भांभू ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-शहर में सफाई कर्मचारियों की लगातार जारी हड़ताल के कारण शहर में बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर प्रदेश युवा कांग्रेस हलका सिरसा अध्यक्ष आनंद भाम्भू ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। जारी बयान में उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने की बजाय हठधर्मिता पर उतर आई है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। भाम्भू ने कहा कि शहर के में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। बरसाती मौसम के बीच सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा गंदगी के कारण स्थिति और भी विकट हो गई है। कचरे से उठने वाली दुर्गंध के कारण लोगों को नारकीय माहौल में रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। जलभराव और गंदगी के कारण लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं तथा संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। भांभू ने कहा कि सफाई कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुनना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने के बजाय मामले को लगातार टाल रही है। हलका अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को प्रतिष्ठा का सवाल बनाने की बजाय तत्काल बातचीत की पहल करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द से जल्द समाधान निकाला जाए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौट सके और आम जनता को राहत मिल सके। आनंद भाम्भू ने चेताते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर स्थिति और गंभीर हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। @newstodayhry #newstodayhry




