Haryana
Trending

बुनियाद केंद्र का जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ ने किया निरीक्षण ll

बुनियाद केंद्र का जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ ने किया निरीक्षण ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी बुनियाद योजना के तहत राजकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं बुनियाद प्रोग्राम के जिलास्तर के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने शुक्रवार को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सिरसा में स्थापित बुनियाद केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों से काफी देर तक सीधा संवाद किया और उनकी पढ़ाई से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर फीडबैक लिया। विद्यार्थियों से आॅनलाइन कक्षाओं की गुणवत्ता, निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कक्षाओं के संचालन, सभी विषयों की पढ़ाई तथा बुनियाद कोआॅर्डिनेटर द्वारा कक्षा प्रबंधन के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से यह भी पूछा कि आॅनलाइन कक्षाओं के दौरान इंटरनेट अथवा किसी अन्य तकनीकी समस्या का सामना तो नहीं करना पड़ता। इसके साथ ही जेईई, नीट एवं सुपर-100 जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, विभाग की अन्य शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी, होमवर्क, टेस्ट, टेस्ट की जांच तथा विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक प्रगति के बारे में जानकारी दिए जाने संबंधी विषयों पर भी विस्तार से बातचीत की गई। जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों से बुनियाद केंद्र के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही विभागीय सुविधाओं तथा यात्रा भत्ता मिलने के संबंध में भी जानकारी ली। विद्यार्थियों की समस्याओं एवं सुझावों को जानने के लिए अधिकारियों ने उनके साथ खुलकर संवाद किया। बातचीत के दौरान अधिकांश विद्यार्थी अपनी पढ़ाई एवं आॅनलाइन कक्षाओं से संतुष्ट नजर आए। विद्यार्थियों ने बताया कि कक्षाएं निर्धारित समय पर संचालित हो रही हैं तथा सभी विषयों की पढ़ाई करवाई जा रही है। हालांकि, कक्षा 9वीं के कुछ विद्यार्थियों ने अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई के दौरान अंग्रेजी भाषा को समझने में थोड़ी कठिनाई होने की बात कही। अधिकारियों ने इस समस्या को संज्ञान में लेते हुए विद्यार्थियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला ने कहा कि बुनियाद योजना का मुख्य उद्देश्य राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध करवाकर उन्हें उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि यह योजना सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है और विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी इसका अधिकतम लाभ उठाए। जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार ने भी विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, निरंतर अभ्यास एवं उपलब्ध डिजिटल शिक्षण संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं एवं फीडबैक के आधार पर बुनियाद केंद्रों की शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। @newstoday #Newstodayhry

Related Articles

Back to top button