Haryana
Trending

भीम स्टेडियम का क्रिकेट ग्राउंड बदहाल।।

भीम स्टेडियम का क्रिकेट ग्राउंड बदहाल।।

भिवानी-(अभिषेक ठाकुर ):- भिवानी के भीम स्टेडियम का क्रिकेट ग्राउंड इन दिनों अपनी बदहाली के आंसू रो रहा है। वर्षों से उचित रखरखाव और खेल सुविधाओं के अभाव में क्रिकेट खिलाड़ियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राउंड में तीन से चार फीट तक घास उग चुकी है, जबकि क्रिकेट की पिच भी लंबे समय से खराब पड़ी है। खिलाड़ियों का कहना है कि घास में आए दिन सांप निकलते हैं, जिसके चलते खिलाड़ी डर के माहौल में अभ्यास करने को मजबूर हैं। भिवानी को खेलों की नर्सरी कहा जाता है और यहां से अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन किया है। लेकिन भीम स्टेडियम के क्रिकेट ग्राउंड की तस्वीर खिलाड़ियों की परेशानियों को बयां कर रही है। ग्राउंड में जगह-जगह लंबी घास खड़ी है और क्रिकेट की पिच भी खेलने लायक स्थिति में नहीं है।खिलाड़ियों का कहना है कि पिछले चार-पांच वर्षों से हालात लगातार खराब बने हुए हैं। पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के कारण खिलाड़ी न तो ठीक से बल्लेबाजी कर पा रहे हैं और न ही गेंदबाजी व फील्डिंग का अभ्यास कर पा रहे हैं।नरेश ने बताया कि वह बच्चों को प्रैक्टिस कराने के लिए स्टेडियम आते हैं, लेकिन यहां व्यवस्था बेहद खराब है। उनका कहना है कि ग्राउंड में इतनी लंबी घास हो चुकी है कि उसमें सांप निकलते हैं। अगर किसी बच्चे को सांप काट ले तो बड़ी समस्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि पिच भी खराब पड़ी है और पिछले पांच-छह वर्षों से स्टेडियम में किसी प्रकार का आवश्यक सामान नहीं आया है।नरेश ने कहा कि भिवानी के बच्चों में खेल भावना की कोई कमी नहीं है और खिलाड़ी लगातार मेडल जीत रहे हैं, लेकिन जब मैदान और पिच ही ठीक नहीं होगी तो बच्चों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने प्रशासन से ग्राउंड की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।वहीं युवा क्रिकेट खिलाड़ी नमन ने भी ग्राउंड की स्थिति पर चिंता जताई। नमन के मुताबिक घास की कटाई के साथ-साथ विकेट को भी दोबारा तैयार किया जाना जरूरी है, ताकि खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर सकें और आगामी मैचों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।नमन ने कहा कि खराब ग्राउंड के कारण न तो ठीक से गेंदबाजी हो पा रही है, न बल्लेबाजी और न ही फील्डिंग का अभ्यास। उन्होंने मांग की कि घास कटवाई जाए, विकेट तैयार किया जाए और ओपन नेट सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। खिलाड़ियों ने स्टंप्स, किट बैग और गेंदों सहित जरूरी खेल सामग्री उपलब्ध कराने की भी मांग की।महिला क्रिकेट खिलाड़ियों की परेशानी भी इससे अलग नहीं है। युवा खिलाड़ी दिया ने बताया कि ग्राउंड में काफी ज्यादा घास होने के कारण सांप निकलते हैं और खिलाड़ी प्रैक्टिस करने से डरते हैं। कई खिलाड़ी ग्राउंड की स्थिति देखकर वापस लौट जाते हैं और मजबूरी में छोटी जगह पर नेट्स में ही अभ्यास करते हैं।देव ने कहा कि नेट्स में होने वाली प्रैक्टिस और पिच पर होने वाले अभ्यास में काफी अंतर होता है। मैदान की खराब स्थिति का सीधा असर खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस पर पड़ रहा है।खिलाड़ियों का कहना है कि मामले की जानकारी जिला प्रशासन तक पहुंचाई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। खिलाड़ियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि भीम स्टेडियम के क्रिकेट ग्राउंड की घास तुरंत कटवाई जाए, पिच और विकेट को दुरुस्त किया जाए तथा खिलाड़ियों को जरूरी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।खिलाड़ियों का कहना है कि अगर उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें तो भिवानी के युवा खिलाड़ी आने वाले समय में जिले और प्रदेश का नाम और भी रोशन कर सकते हैं।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button