Haryana
Trending

द आर्यन स्कूल में एचआईवी/एड्स जागरूकता सत्र आयोजित ll

द आर्यन स्कूल में एचआईवी/एड्स जागरूकता सत्र आयोजित ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-इंटेंसिफाइड आईईसी कैंपेन के तहत द आर्यन स्कूल, सिरसा में एचआईवी/एड्स, टीबी, स्वैच्छिक रक्तदान एवं मादक पदार्थों के दुरुपयोग को लेकर जिला स्तरीय जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना तथा एचआईवी/एड्स को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना रहा। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा सुभाष कुमार फुटेला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी विषयों की सही एवं वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही एचआईवी/एड्स जैसी स्वास्थ्य चुनौतियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ समाज में भी सही जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। वहीं मेजबान विद्यालय द आर्यन स्कूल, सिरसा की प्राचार्या श्वेता माहेश्वरी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा उन्हें संबोधित किया। सिविल हॉस्पिटल, सिरसा से डॉ. कमल निर्वाण ने एचआईवी एवं एड्स में अंतर, संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, लक्षणों, उपचार तथा समाज में प्रचलित भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मादक पदार्थों के दुरुपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया। डॉ. अर्चना शर्मा, प्रवक्ता जीव विज्ञान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दड़बी ने संतुलित आहार एवं पोषण पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विभिन्न पोषक तत्वों, विटामिन, काबोर्हाइड्रेट के स्रोत, संतुलित आहार के महत्व तथा स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को पैकेज्ड फूड से बचने तथा भोजन करते समय मोबाइल एवं स्क्रीन के प्रयोग को कम करने की सलाह दी। नवीन कुमार सिंगला ने भी एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को जागरूक किया। नवीन कुमार सिंगला ने एचआईवी/एड्स जागरूकता के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए कहा कि एचआईवी के प्रति जागरूकता केवल बीमारी से बचाव तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव एवं गलत धारणाओं को दूर करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को एचआईवी संक्रमण के वास्तविक माध्यमों एवं संक्रमण से बचाव के वैज्ञानिक उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के प्रति भेदभाव नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, सहयोग और सही जानकारी का व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की भ्रांति या गलत सूचना पर विश्वास करने के बजाय प्रमाणिक स्वास्थ्य स्रोतों से जानकारी प्राप्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का आयोजन एचआईवी/एड्स कैंपेन के जिला नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार की देखरेख में किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, पोषण, नशामुक्ति एवं एचआईवी/एड्स के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना इस जागरूकता अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। सही जानकारी और समय पर जागरूकता के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित किया जा सकता है।ह्व उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों से स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में द आर्यन स्कूल, सिरसा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक आॅर्केस्ट्रा ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने जागरूकता सत्र को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button