Haryana
Trending

एक क्लिक और खाली हो सकता है बैंक खाता! स्कूल में पुलिस ने छात्रों को किया अलर्ट” ll

एक क्लिक और खाली हो सकता है बैंक खाता! स्कूल में पुलिस ने छात्रों को किया अलर्ट” ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के नेतृत्व में नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से डबवाली पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आज महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुशीला देवी द्वारा आरोही मॉडल स्कूल, कालुआना में विद्यार्थियों के साथ जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विशेष रूप से नशे के दुष्परिणामों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा शिक्षा एवं खेलों के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुशीला देवी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक ऐसी सामाजिक बुराई है, जिसका प्रभाव केवल नशा करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे की बुरी संगत से दूर रहने तथा अपने जीवन को शिक्षा, खेल और अन्य सकारात्मक गतिविधियों की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि यदि उनके आसपास कोई युवा नशे की गिरफ्त में है तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें और उसे सही दिशा में लाने का प्रयास करें। साथ ही नशे की खरीद-फरोख्त अथवा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने के लिए मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 अथवा अपने नजदीकी थाना या चौकी में देने के लिए भी प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि एक गलत लिंक पर क्लिक आपकी धनराशि व निजी जानकारी साइबर अपराधियों के हाथों में सौंप सकता है । ठग अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों को धोखा देने का प्रयास करते हैं। फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल, लुभावने ऑफर और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता है।
विद्यार्थियों को जागरूक किया गया कि वे OTP, पासवर्ड, ATM PIN, UPI PIN अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड न करने तथा सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों के साथ निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई । विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत बिना समय गंवाए साइबर हेल्पलाइन न. 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in/ पर शिकायत दर्ज कराएं ।
उप निरीक्षक सुशीला देवी ने छात्राओं को महिला के अधिकारों व महिला विरुद्ध अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, अवांछित स्पर्श अथवा असुरक्षित स्थिति में चुप न रहें और तुरंत अपने परिजनों, शिक्षकों अथवा पुलिस को जानकारी दें । विद्यार्थियों को डायल 112, महिला हेल्पलाइन 1091, 181 व चाइल्ड हेल्पलाइन न. 1098 के बारे में जानकारी देते हुए जागरूक और सतर्क रहने का संदेश दिया गया । साथ ही महिलाओं की सुविधा के लिए शुरू की गई ट्रिप मॉनिटरिंग सुविधा के बारे में भी बताया गया और कहा कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर काल कर इस सेवा का लाभ लिया जा सकता है ।
विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के संबंध में हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नाबालिगों से वाहन न चलाने की अपील की गई ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि जागरूकता, सही संगति और सकारात्मक सोच ही युवाओं को नशे, साइबर अपराधों और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रख सकती है। विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा एक सुरक्षित, जागरूक और अपराध मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।@newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button