Haryana
Trending

नशे और साइबर ठगी पर डबवाली पुलिस का बड़ा अभियान ll

नशे और साइबर ठगी पर डबवाली पुलिस का बड़ा अभियान ll

डबवाली-(पंकज गोदारा):-नशे और साइबर अपराधों से बचाव के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सही समय पर सही जानकारी देना भी जरूरी है । इसी उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के कुशल नेतृत्व में डबवाली पुलिस द्वारा गांवों, शहरों, शिक्षण संस्थानों व खेल मैदानों में पहुंचकर ग्रामीणों और युवाओं के साथ जागरूकता संवाद किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज प्रबंधक थाना कालांवाली निरीक्षक देवीलाल द्वारा गांव तारूआना में ग्रामीणों के साथ जागरूकता संवाद आयोजित किया गया, जबकि गांव चकेरियां में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे व साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव तारूआना में आयोजित नशा मुक्ति व जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई । युवाओं को समझाया गया कि नशे की शुरुआत अक्सर छोटी आदत या गलत संगति से होती है, जो आगे चलकर व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और पारिवारिक जीवन को प्रभावित कर सकती है।ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों और युवाओं के साथ नियमित संवाद रखें, उनकी गतिविधियों पर सकारात्मक नजर रखें । साथ ही नशे की खरीद-फरोख्त या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया ।
इसके उपरांत प्रबंधक थाना कालांवाली गांव चकरियां में आयोजित खेल प्रतियोगिता में पहुंचे और युवाओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। युवाओं को खेल, शिक्षा, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा अपने साथियों को भी नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया गया ।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि नशे के खिलाफ सिर्फ पुलिस कार्रवाई ही काफी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी भी उतनी ही आवश्यक है । नशा तस्करों की गिरफ्तारी के साथ नशे से ग्रस्त व्यक्तियों के इलाज व पुनर्वास के लिए डबवाली पुलिस का सहयोग करें । नशा पीड़ितों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें व उनकी उपचार प्रक्रिया शुरू करवाकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें ।।
अगर उनके आस पास कोई नशे के सेवन, खरीद-फरोख्त या अन्य नशे से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो इसकी सूचना बेझिझक मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 या अपने नजदीकी थाना अथवा चौकी में सूचित करें । सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी ।
इस दौरान साइबर अपराधों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी साझा की गई। ग्रामीणों एवं युवाओं को बताया गया कि साइबर ठगी करने वाले अपराधी फर्जी बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, रिश्तेदार, कूरियर कंपनी, बिजली विभाग या अन्य सरकारी/निजी संस्थाओं के कर्मचारी बनकर लोगों को फोन करते हैं।लोगों को विशेष रूप से सावधान किया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने तथा किसी व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयर या रिमोट एक्सेस की सुविधा देने से भी बचने की सलाह दी गई।युवाओं को सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत करते समय सावधानी बरतने, संदिग्ध लिंक व संदेशों से पर क्लिक करने से बचने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धमकी, ठगी या संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल https://cybercrime.gov.in/ पर शिकायत देने के लिए जागरूक किया गया।
डबवाली पुलिस का संदेश स्पष्ट है—जागरूक नागरिक ही नशे और साइबर अपराध के खिलाफ सबसे मजबूत सुरक्षा कवच हैं। डबवाली पुलिस द्वारा ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रखते हुए आमजन को जानकारी देकर सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।@newstodayhry #Newstodayhry

Related Articles

Back to top button