खेल मैदान से ITI तक पहुंची पुलिस, नशे के खिलाफ चला बड़ा अभियान II
खेल मैदान से ITI तक पहुंची पुलिस, नशे के खिलाफ चला बड़ा अभियान II

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को केवल जागरूकता तक सीमित न रखते हुए नशा पीड़ितों की पहचान, उपचार, काउंसलिंग और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में नशा मुक्ति टीम हिसार द्वारा थाना उकलाना क्षेत्र के गांव बिठमड़ा एवं गांव सूरेवाला में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
खेल मैदान में खिलाड़ियों को दिया नशे से दूर रहने का संदेश:-
गांव बिठमड़ा स्थित खेल नर्सरी में खेल अभ्यास के लिए पहुंचे करीब 35 खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। खिलाड़ियों को बताया गया कि खेल युवा शक्ति को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम है। युवाओं से नशे से दूर रहकर पढ़ाई, खेल और अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया गया। #newstodayhry @newstodayhry
सूरेवाला ITI में 250 विद्यार्थियों को किया जागरूक:-
गांव सूरेवाला के सूरेवाला चौक स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अनुदेशक श्री ईश्वर सिंह एवं नशा मुक्ति पुलिस टीम हिसार से सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने करीब 250 छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया।
विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, पढ़ाई एवं खेलों में ध्यान लगाने के साथ-साथ साइबर अपराध, महिला अपराध से बचाव तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में ITI का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। #newstodayhry @newstodayhry
चौपाल और नुक्कड़ सभा के जरिए ग्रामीणों से सीधा संवाद:-
नशा मुक्ति टीम द्वारा गांव बिठमड़ा की चौपाल तथा गांव सूरेवाला चौक के आसपास नुक्कड़ सभा आयोजित कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया। ग्रामीणों को नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अपने आसपास नशे की बिक्री एवं सप्लाई करने वाले व्यक्तियों के बारे में पुलिस को जानकारी दें, ताकि नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों से नशा तस्करों एवं नशे की सप्लाई से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी जुटाई गई। #newstodayhry @newstodayhry
जागरूकता के साथ उपचार—13 नशा पीड़ितों को उपचार से जोड़ा
हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा अभियान के दौरान नशे की गिरफ्त में आए लोगों को केवल समझाइश देने के बजाय उन्हें उपचार से जोड़ने का प्रयास भी किया गया। अभियान के दौरान 03 नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई तथा उन्हें नागरिक अस्पताल हिसार से पहली बार आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाई दिलवाई गई। इसके अतिरिक्त 07 नशा पीड़ितों को दूसरी बार नागरिक अस्पताल हिसार से आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक दवाई दिलवाई गई तथा उनके ब्लड टेस्ट एवं काउंसलिंग करवाई गई। वहीं, नशा मुक्ति पुलिस टीम द्वारा 03 नशा पीड़ितों के घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाई उपलब्ध करवाई गई। इस प्रकार कुल 13 नशा पीड़ितों को उपचार एवं दवाई की सुविधा से जोड़ा गया। #newstodayhry @newstodayhry
एसपी हिसार का संदेश:-
पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की कार्रवाई से नहीं, बल्कि पुलिस, परिवार, शिक्षण संस्थानों, खिलाड़ियों और पूरे समाज की सामूहिक भागीदारी से सफल होगी। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस का प्रयास है कि नशे की गिरफ्त में आए प्रत्येक व्यक्ति को अपराधी की नजर से देखने के बजाय उसे उपचार, काउंसलिंग और सही मार्गदर्शन के माध्यम से स्वस्थ जीवन की ओर वापस लाया जाए, वहीं नशे का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
एसपी ने युवाओं का आह्वान किया कि “नशे से दूरी और खेलों से नजदीकी—यही स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की पहचान है।” उन्होंने अभिभावकों एवं आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई युवा नशे की गिरफ्त में है तो उसकी पहचान छिपाने के बजाय पुलिस एवं संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं की मदद से उसे उपचार से जोड़ें।
हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा जागरूकता, पहचान, उपचार और पुनर्वास को केंद्र में रखकर नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखा जा रहा है। #newstodayhry @newstodayhry




