जमीन की रजिस्ट्री करवाई, पैसे नहीं दिए और जमीन आगे बेच दी II
जमीन की रजिस्ट्री करवाई, पैसे नहीं दिए और जमीन आगे बेच दी II

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा धोखाधड़ी एवं आपराधिक षड्यंत्र के मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सिविल लाइन पुलिस ने कृषि भूमि की रजिस्ट्री करवाने के बाद विक्रय राशि का भुगतान न करने तथा उक्त भूमि को आगे बेचने के मामले में आरोपी सुमित पुत्र महेन्द्र, निवासी मकान नंबर 53, वार्ड नंबर 11, 12 क्वार्टर रोड, हिसार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सुनील वर्मा एवं उसकी माता राजबाला निवासी गांव दुर्जनपुर, हिसार द्वारा अपनी कृषि भूमि की रजिस्ट्री नंबर 8148 दिनांक 25 अक्टूबर 2024 को आरोपी सुमित के पक्ष में करवाई गई थी। शिकायत के अनुसार भूमि की बिक्री राशि 5 लाख 53 हजार रुपये तय हुई थी, जिसके भुगतान के लिए आरोपी द्वारा चेक दिया गया था। आरोप है कि रजिस्ट्री होने के बाद आरोपी ने तत्काल भुगतान न करने की बात कहते हुए बाद में नकद राशि देने का आश्वासन दिया। शिकायत के अनुसार, भुगतान न होने पर आरोपी सुमित ने दिनांक 24 जनवरी 2025 को शपथ-पत्र देकर निर्धारित अवधि में शिकायतकर्ता को 5 लाख 53 हजार रुपये का भुगतान करने तथा भुगतान न करने की स्थिति में जमीन वापस करने का लिखित आश्वासन दिया था। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। #newstodayhry @newstodayhry
जांच में सामने आया कि-
आरोपी सुमित ने उक्त भूमि को दिनांक 30 मार्च 2026 को रजनीकांत पुत्र रणजीत निवासी दुर्जनपुर के नाम रजिस्ट्री नंबर 15248 के माध्यम से आगे बेच दिया। शिकायतकर्ता द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई थी। मामले की जांच श्री सुनील कुमार, ह.पु.से., उप पुलिस अधीक्षक हिसार द्वारा की गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपीगण के विरुद्ध धारा 318(4), 61 BNS के तहत अपराध बनता पाया गया तथा अभियोग दर्ज कर अनुसंधान किए जाने की सिफारिश की गई। जांच के आधार पर थाना सिविल लाइन में अभियोग दर्ज किया गया। इसके बाद थाना सिविल लाइन की PSI रेनू कुमारी द्वारा मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित पुत्र महेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है तथा अन्य आरोपी की भूमिका सहित प्रकरण से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। एसपी हिसार श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि धोखाधड़ी, छलपूर्वक संपत्ति हड़पने तथा आपराधिक षड्यंत्र में शामिल किसी भी व्यक्ति को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि संपत्ति संबंधी धोखाधड़ी के मामलों में दस्तावेजों, लेन-देन और आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। #newstodayhry @newstodayhry




