Haryana
Trending

साइबर ठगी से बचने के लिए जल्दबाजी नहीं, पहले सत्यापन जरूरी : एसपी सिद्धान्त जैन।।

साइबर ठगी से बचने के लिए जल्दबाजी नहीं, पहले सत्यापन जरूरी : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आमजन को साइबर ठगी से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि साइबर अपराधी लोगों की घबराहट, लालच और जल्दबाजी का फायदा उठाकर ठगी करते हैं। किसी भी अनजान कॉल, मैसेज, लिंक या ऑनलाइन ऑफर पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले उसकी सत्यता की जांच करें। एसपी ने कहा कि साइबर ठग कभी बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, सरकारी विभाग, कस्टमर केयर, रिश्तेदार या किसी प्रतिष्ठित कंपनी का कर्मचारी बनकर लोगों से संपर्क करते हैं। वे खाता बंद होने, KYC अपडेट, पुलिस केस, डिजिटल अरेस्ट, पार्सल, इनाम, नौकरी, निवेश या किसी अन्य बहाने से डराकर अथवा लालच देकर पैसे ट्रांसफर करवाने का प्रयास कर सकते हैं।

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

• OTP, ATM PIN, CVV, UPI PIN, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
• अनजान व्यक्ति के कहने पर कोई स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड न करें।
• किसी अनजान लिंक, APK फाइल या QR कोड पर बिना सत्यापन के क्लिक/स्कैन न करें।
• फोन पर कोई व्यक्ति पुलिस, CBI, ED, बैंक या अन्य सरकारी अधिकारी बनकर डराए तो घबराएं नहीं और पैसे ट्रांसफर न करें।
• ऑनलाइन खरीद-बिक्री में अजनबी व्यक्ति द्वारा भेजे गए पेमेंट लिंक पर भरोसा न करें।
• सोशल मीडिया पर मिलने वाले निवेश, नौकरी, लोन या ज्यादा मुनाफे के ऑफर की पहले पूरी जांच करें।
• किसी परिचित के नाम से पैसे मांगने वाला मैसेज आए तो पहले उस व्यक्ति से सीधे फोन पर बात कर पुष्टि करें।
• साइबर ठगी होने पर समय बर्बाद न करें और तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें।

एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि साइबर अपराध में कुछ मिनटों की देरी भी नुकसान बढ़ा सकती है। इसलिए ठगी का पता चलते ही बैंक को सूचित करने के साथ-साथ 1930 पर तत्काल शिकायत करें और उपलब्ध स्क्रीनशॉट, मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन तथा अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखें। एसपी हिसार ने आमजन से अपील की कि साइबर अपराध से बचने का सबसे आसान तरीका है—“रुकें, सोचें और सत्यापित करें।” किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन गतिविधि में जल्दबाजी न करें और साइबर अपराधियों को अपनी मेहनत की कमाई का शिकार न बनने दें।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button