Haryana
Trending

संतुलित जीवनशैली के साथ ध्यान भी आवश्यक ll

संतुलित जीवनशैली के साथ ध्यान भी आवश्यक ll

सिरसा – ( अक्षित कम्बोज ) दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा हुडा, सिरसा स्थित आश्रम में साप्ताहिक सत्संग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्व हृदय दिवस के संदर्भ में स्वस्थ हृदय एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर आध्यात्मिक विचारों एवं भजनों का लाभ लिया। इस अवसर पर गुरुदेव आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी निशा भारती ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली, तनाव, चिंता, अनियमित खान-पान और शारीरिक निष्क्रियता का प्रभाव हृदय स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। स्वस्थ रहने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और उचित दिनचर्या के साथ मन को शांत एवं तनावमुक्त रखना भी आवश्यक है। साध्वी जी ने कहा कि मनुष्य के विचारों और भावनाओं का सीधा प्रभाव उसके जीवन पर पड़ता है। लगातार तनाव, क्रोध और चिंता मन की शांति को भंग करते हैं। ऐसे में ध्यान एवं आध्यात्मिक साधना मनुष्य को भीतर से स्थिर और शांत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ध्यान के माध्यम से मनुष्य अपने विचारों को नियंत्रित करना, तनाव को कम करना और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जीवन जीना सीख सकता है। उन्होंने कहा कि वास्तविक स्वास्थ्य केवल शरीर को रोगों से मुक्त रखना नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करना है। इसके लिए पौष्टिक आहार, योग, नियमित व्यायाम, पर्याप्त विश्राम तथा ध्यान को जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। आध्यात्मिक ज्ञान मनुष्य को आंतरिक शांति प्रदान कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर प्रेरित करता है। इस अवसर पर साध्वी चंढ़ा भारती जी ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भक्ति में लीन दिखाई दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रद्धालुओं को हृदय स्वास्थ्य, तनावमुक्त जीवन, ध्यान और आध्यात्मिक जागरूकता के प्रति प्रेरित करना रहा। @newstodayhry #newstodayhry

Related Articles

Back to top button