चोरीशुदा मोबाइल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार, बरवाला पुलिस ने मोबाइल किया बरामद।।
चोरीशुदा मोबाइल खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार, बरवाला पुलिस ने मोबाइल किया बरामद।।

हिसार-(अमित कुमार ):- हिसार पुलिस द्वारा चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बरवाला पुलिस ने घर में घुसकर चोरी किए गए मोबाइल फोन को खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वेदप्रकाश पुत्र बलवीर सिंह, निवासी कनोह के रूप में हुई है। इस मामले में घर में घुसकर मोबाइल फोन व नकदी चोरी करने वाले आरोपी गुरुचरण पुत्र महाबीर सिंह, निवासी हीरा कॉलोनी, वार्ड नंबर 7, बरवाला को पुलिस द्वारा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है तथा आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजा जा चुका है। इस बारे में प्रभारी थाना बरवाला इंस्पैकटर जितेन्द्र ने बताया की शिकायतकर्ता अनिल कुमार पुत्र ज्ञानी राम, निवासी वार्ड नंबर 19, बरवाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि दिनांक 10 अगस्त 2026 को वह किसी कार्य से घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी द्वारा मोबाइल फोन चार्जिंग पर लगाया गया था। पीछे से एक व्यक्ति घर में घुसकर मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। बाद में सोफे के नीचे रखी करीब 1,000-1,200 रुपये की नकदी भी गायब मिली। घर में लगे CCTV कैमरे की फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहा था। शिकायत के आधार पर थाना बरवाला में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी करने वाले आरोपी गुरुचरण को गिरफ्तार कर लिया था और उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया था। मामले की आगे की जांच के दौरान पुलिस को चोरीशुदा मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच के आधार पर वेदप्रकाश को गिरफ्तार किया गया तथा उसके कब्जे से चोरीशुदा मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। आरोपी को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि हिसार पुलिस चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों में न केवल वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों बल्कि चोरीशुदा सामान की खरीद-फरोख्त में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि चोरी की संपत्ति खरीदने या उसे आगे खपाने वालों को भी किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।। #Newstodayhry @Newstodayhry



