Haryana
Trending

नशे के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं, नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति : एसपी सिद्धान्त जैन।।

नशे के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं, नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशे के कारोबार को रोकने में पुलिस के साथ-साथ समाज की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। जिले में नशा तस्करी करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ हिसार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और नशे का कारोबार करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। एसपी हिसार ने कहा कि नशा तस्कर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलकर उनके भविष्य को नुकसान पहुंचाते हैं। इसलिए नशे की बिक्री, सप्लाई, खरीद-फरोख्त अथवा नशा तस्करों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

इन गतिविधियों पर रखें नजर

• किसी व्यक्ति द्वारा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या सप्लाई किया जाना।
• सुनसान स्थानों, गली-मोहल्लों या अन्य स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार आवाजाही।
• युवाओं को नशे की गोलियां, चिट्टा, हेरोइन, गांजा, अफीम अथवा अन्य नशीले पदार्थ उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति।
• नशे की बिक्री के लिए इस्तेमाल किए जा रहे संदिग्ध स्थान, वाहन या मकान।
• स्कूल, कॉलेज अथवा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या सप्लाई।

सूचना देते समय इन बातों का रखें ध्यान

आमजन नशा तस्करी से संबंधित जानकारी स्थानीय पुलिस थाना, पुलिस कंट्रोल रूम अथवा संबंधित पुलिस अधिकारी को दे सकते हैं। सूचना देते समय यदि संभव हो तो स्थान, समय, संदिग्ध व्यक्ति/वाहन तथा गतिविधि से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाएं। स्वयं किसी संदिग्ध व्यक्ति से बहस या उसका सामना करने के बजाय सीधे पुलिस को सूचना दें।

नशा तस्करों को एसपी हिसार की सख्त चेतावनी

एसपी सिद्धान्त जैन ने स्पष्ट किया कि नशे का कारोबार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करी में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा नशे के नेटवर्क को तोड़ने के साथ-साथ नशे से प्रभावित लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के लिए भी आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक छोटी सी सूचना किसी युवा का भविष्य बचा सकती है। इसलिए यदि आपके आसपास नशे का कारोबार हो रहा है तो चुप न रहें—पुलिस को सूचना दें, नशे के खिलाफ लड़ाई में सहभागी बनें।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button