प्राइवेट बसों में ओवरलोडिंग व तेज गति पर रोक, नियम तोड़े तो जिम्मेदारी तय होगी : एसपी सिद्धान्त जैन।।
प्राइवेट बसों में ओवरलोडिंग व तेज गति पर रोक, नियम तोड़े तो जिम्मेदारी तय होगी : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर प्राइवेट बस संचालकों, वाहन चालकों एवं परिचालकों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि ओवरलोडिंग, तेज गति, लापरवाही से वाहन चलाने तथा यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और संबंधित व्यक्ति की जिम्मेदारी तय की जाएगी। एसपी हिसार ने कहा कि बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की जान को सीधे जोखिम में डालता है। बस संचालक यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित सीटिंग क्षमता से अधिक यात्रियों को बस में न बैठाया जाए।
प्राइवेट बस संचालकों एवं चालकों के लिए सख्त निर्देश
• बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाएं।
• तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने से पूरी तरह बचें।
• बस चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।
• निर्धारित बस स्टॉप के अतिरिक्त सड़क के बीच या खतरनाक स्थानों पर बस न रोकें।
• यात्रियों को चढ़ाते या उतारते समय सड़क सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
• चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा वाहन के आवश्यक दस्तावेज होना अनिवार्य है।
• बस की फिटनेस, परमिट, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज वैध होने चाहिए।
• चालक एवं परिचालक यात्रियों के साथ शालीन एवं जिम्मेदार व्यवहार करें।
• नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
• बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं यातायात नियमों का हर हाल में पालन सुनिश्चित करें।
नियम तोड़े तो होगी सख्त कार्रवाई
एसपी हिसार ने कहा कि पुलिस द्वारा प्राइवेट बसों की नियमित चेकिंग की जाएगी। ओवरलोडिंग, तेज गति, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, दस्तावेजों की कमी अथवा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक/परिचालक एवं नियमानुसार जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई एवं चालान की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर यात्री वाहन चलाने वाले प्रत्येक चालक की पहली जिम्मेदारी यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। किसी भी तरह की लापरवाही के कारण सड़क हादसा होने की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जाएगी।
एसपी हिसार की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से भी अपील की कि यदि किसी प्राइवेट बस में ओवरलोडिंग, तेज गति या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की समस्या सामने आती है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित सड़क व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें। एसपी हिसार का स्पष्ट संदेश: यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं—ओवरलोडिंग और तेज गति पर प्रभावी रोक के लिए हिसार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।। #Newstodayhry @Newstodayhry



