बाइक सवार दो युवक 21.70 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार
बाइक सवार दो युवक 21.70 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार
सिरसा :- (अक्षित कम्बोज )एसपी दीपक सहारन के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए सिरसा पुलिस ने जोधकां क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो युवकों को 21 ग्राम 70 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी हेरोइन की सप्लाई के लिए क्षेत्र में घूम रहे थे।आरोपियों के खिलाफ थाना डिंग में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।सीआईए प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान एनएच-9 हाईवे से होते हुए गांव जोधकां की तरफ जा रही थी। इसी दौरान जोधकां नहर पुल के पास सामने से बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस की गाड़ी को देखकर दोनों ने अचानक बाइक वापस मोड़कर मौके से भागने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों युवकों को बाइक सहित काबू कर लिया।पुलिस ने नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में दोनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 21 ग्राम 70 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय कुमार पुत्र रामस्वरूप निवासी सुखचैन कॉलोनी, शाहपुर तथा किशोर कुमार पुत्र देवी लाल निवासी गांव जोधकां के रूप में हुई है। सीआईए प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से नशे की सप्लाई को लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की आगामी जांच थाना डिंग पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की कि नशा तस्करी या किसी अन्य अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


