नशा बेचने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, तस्करों का सामाजिक बहिष्कार करें : इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी।।
नशा बेचने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, तस्करों का सामाजिक बहिष्कार करें : इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी।।

सिरसा-(अक्षित कम्बोज ):- सिरसा एसी दीपक सहारन के निर्देशानुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी वीरवार को गवर्नमेंट कॉलेज रानियां पहुंचीं। उन्होंने कॉलेज की छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा को लेकर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान छात्राओं को समाज से नशे को जड़ से खत्म करने के लिए एकजुट होकर काम करने की शपथ भी दिलाई गई। इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की जिंदगी खराब नहीं करता, बल्कि धीरे-धीरे पूरे परिवार और समाज को भी खोखला कर देता है। युवा देश और समाज की ताकत हैं। अगर युवा नशे से दूर रहेंगे तो समाज को सही दिशा मिलेगी। उन्होंने छात्राओं से खुद नशे से दूर रहने के साथ अपने दोस्तों, परिचितों और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करने का आह्वान किया।
नशा तस्करों की सूचना पुलिस को दें
थाना प्रभारी ने कहा कि गांव या शहर में यदि कोई व्यक्ति नशीले पदार्थ बेचता है या युवाओं को नशे की ओर धकेलने का प्रयास करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। नशा बेचकर युवाओं का भविष्य खराब करने वालों को किसी भी सूरत में बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज नशा तस्करों का सामाजिक बहिष्कार करते हुए पुलिस का सहयोग करे। पुलिस की कार्रवाई के साथ आमजन की भागीदारी से ही नशे के खिलाफ मुहिम को सफल बनाया जा सकता है।
महिला अपराध व साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके
इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी ने छात्राओं को महिला अपराधों के प्रति भी सजग किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर चुप न रहें, बल्कि परिजनों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें। साइबर ठगी से बचाव को लेकर उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से संबंधित जानकारी और निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध और नशे से बचाव का सबसे मजबूत हथियार है।। #Newstodayhry @Newstodayhry




