अवैध हथियार के साथ आरोपी काबू, रिमांड पर लेकर खुलेगा सप्लाई का राज
अवैध हथियार के साथ आरोपी काबू, रिमांड पर लेकर खुलेगा सप्लाई का राज
हिसार :- (अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत CIA हिसार टीम ने गांव ढंढूर से एक आरोपी को .32 बोर के अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पूर्ण उर्फ सोनू पुत्र संतलाल, निवासी गांव गंगवा, जिला हिसार के रूप में हुई है। CIA हिसार प्रभारी इंस्पेक्टर कर्मजीत ने बताया कि उनकी टीम अपराधों की रोकथाम एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के संबंध में क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गांव ढंढूर से आरोपी पूर्ण को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से .32 बोर का अवैध पिस्तौल बरामद हुआ। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना सदर हिसार में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि गहनता से पूछताछ कर अवैध पिस्तौल के स्रोत तथा इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके। हिसार पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने और उनकी खरीद-फरोख्त में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




