ई-चालान का मैसेज आया? एक क्लिक और खाली हो सकता है बैंक खाता!
ई-चालान का मैसेज आया? एक क्लिक और खाली हो सकता है बैंक खाता!
हिसार :-(अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में हिसार पुलिस ने वाहन चालकों को फर्जी ई-चालान मैसेज के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है। एसपी हिसार ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को फर्जी ई-चालान के नाम पर SMS और व्हाट्सएप मैसेज भेजकर ठगी का शिकार बना रहे हैं। इन मैसेज में यातायात नियमों के उल्लंघन का हवाला देकर चालान लंबित होने की बात कही जाती है तथा चालान भरने के लिए संदिग्ध लिंक भेजा जाता है। जैसे ही व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक करता है, उसे फर्जी वेबसाइट पर ले जाकर व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाते की जानकारी, ATM/क्रेडिट कार्ड विवरण या OTP हासिल करने का प्रयास किया जाता है। कई मामलों में फर्जी APK फाइल डाउनलोड करवाकर मोबाइल फोन तक पहुंच बनाने की कोशिश भी की जाती है। हिसार पुलिस की आमजन को जरूरी हिदायतें: 1. ई-चालान के नाम पर आए किसी भी अनजान SMS या व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक न करें। 2.चालान की जानकारी केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल https://echallan.parivahan.gov.in पर जाकर स्वयं जांचें।
3.किसी भी अनजान लिंक के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान न करें। 4.चालान भरने के नाम पर किसी के साथ OTP, ATM PIN, CVV या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। 5.ई-चालान के नाम पर भेजी गई किसी भी APK फाइल या अनजान ऐप को डाउनलोड और इंस्टॉल न करें। 6. किसी मैसेज पर संदेह होने पर उसमें दिए गए लिंक या मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बजाय आधिकारिक पोर्टल से जानकारी प्राप्त करें। एसपी हिसार ने कहा कि साइबर अपराधी लोगों की जागरूकता की कमी का फायदा उठाकर ठगी की वारदातों को अंजाम देते हैं। इसलिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या ऑनलाइन भुगतान करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत: यदि कोई व्यक्ति फर्जी ई-चालान या किसी अन्य साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक वेबसाइट https://cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। हिसार पुलिस की आमजन से अपील है कि सतर्क रहें, जागरूक रहें और साइबर ठगों के जाल में फंसने से बचें। आपकी थोड़ी सी सावधानी आपकी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रख सके।




