#haryanagorvment
Trending

एक गलती पड़ सकती है भारी! गाड़ी में आग लगते ही करें ये काम

एक गलती पड़ सकती है भारी! गाड़ी में आग लगते ही करें ये काम

हिसार :- (अमित कुमार )पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वाहन में अचानक आग लगने या धुआं उठने की स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य और सूझबूझ से काम लें। ऐसी आपात स्थिति में प्रत्येक सेकंड कीमती होता है। समय रहते उठाए गए सही कदम स्वयं सहित वाहन में सवार अन्य लोगों की जान बचा सकते हैं। एसपी ने बताया कि यदि चलती गाड़ी में आग लगने का आभास हो या जलने की गंध आए तो सबसे पहले सुरक्षित स्थान पर वाहन रोककर इंजन बंद करें। सीट बेल्ट खोलें और तुरंत वाहन से बाहर निकलने का प्रयास करें। दरवाजा लॉक होने या न खुलने की स्थिति में खिड़की नीचे करने का प्रयास करें। यदि पावर विंडो काम नहीं कर रही है तो शीशा तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास करें।
शीशा तोड़ने के लिए अपनाएं ये तरीके:
1.इमरजेंसी हैमर का इस्तेमाल करें: वाहन में इमरजेंसी हैमर अवश्य रखें। दरवाजा न खुलने की स्थिति में इससे साइड विंडो के कोने के पास प्रहार करके शीशा तोड़ने का प्रयास करें। सामान्यतः साइड या पीछे का टेम्पर्ड ग्लास तोड़ना आसान होता है।
2सीट के हेडरेस्ट की लोहे की रॉड का विकल्प: वाहन की सीट के सिर के पीछे लगे हिस्से को हेडरेस्ट कहते हैं। कई गाड़ियों में यह दो लोहे की रॉड के माध्यम से सीट में लगा होता है। यदि वाहन में इमरजेंसी हैमर उपलब्ध न हो और हेडरेस्ट निकालना संभव हो तो उसकी लोहे की रॉड को आपातकालीन विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। कुछ हेडरेस्ट की रॉड का सिरा अपेक्षाकृत नुकीला होता है, जिससे साइड विंडो के निचले कोने के पास प्रहार करने का प्रयास किया जा सकता है। हालांकि सभी वाहनों में हेडरेस्ट की रॉड शीशा तोड़ने के लिए उपयुक्त नहीं होती, इसलिए इसे इमरजेंसी हैमर का निश्चित विकल्प न समझें।
3.आगे का शीशा तोड़ने से बचें: वाहन का आगे वाला शीशा (विंडशील्ड) विशेष रूप से मजबूत लैमिनेटेड ग्लास से बना होता है। इसलिए आपात स्थिति में साइड या पीछे की खिड़की से बाहर निकलने को प्राथमिकता दें।
4.बच्चों और बुजुर्गों को पहले निकालें: वाहन से बाहर निकलते समय बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता को प्राथमिकता दें।
वाहन से बाहर निकलने के बाद बरतें ये सावधानियां:
• गाड़ी से कम से कम 30 मीटर की सुरक्षित दूरी पर चले जाएं।
• किसी भी परिस्थिति में सामान लेने के लिए दोबारा वाहन के पास न जाएं।
• आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को दें।
• स्वयं आग बुझाने का प्रयास तभी करें, जब ऐसा करना पूरी तरह सुरक्षित हो।
एसपी ने वाहन चालकों को दिए जरूरी सुरक्षा सुझाव:
• अपनी गाड़ी में इमरजेंसी हैमर और अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) अवश्य रखें।
• वाहन की नियमित सर्विसिंग करवाएं और अनधिकृत या नकली वायरिंग लगवाने से बचें।
• गाड़ी से धुआं निकलने या जलने की गंध आने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर रोककर सभी सवारियों को बाहर निकालें।
• समय-समय पर वाहन में रखे सुरक्षा उपकरणों की जांच करें और परिवार के सदस्यों को उनके इस्तेमाल की जानकारी दें।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर:
• पुलिस सहायता: 112
• फायर ब्रिगेड: 101
• एम्बुलेंस: 108
एसपी हिसार ने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति के लिए पहले से तैयार रहें। आपकी थोड़ी सी सतर्कता किसी बड़े हादसे को टाल सकती है।

Related Articles

Back to top button