#haryanagorvment
Trending

फर्जी वीजा का बड़ा खेल! दुबई/UAE के नाम पर हो सकती है लाखों की ठगी

फर्जी वीजा का बड़ा खेल! दुबई/UAE के नाम पर हो सकती है लाखों की ठगी

हिसार :- ( अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आमजन को विदेश भेजने, वर्क परमिट, वीजा, नौकरी तथा माइग्रेशन के नाम पर ठगी करने वाली फर्जी एजेंसियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से दुबई/संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से संचालित होने वाली ऐसी संदिग्ध वीजा एवं माइग्रेशन प्रोसेसिंग एजेंसियों से सावधान रहने की आवश्यकता है, जो आकर्षक ऑफर देकर लोगों को अपने जाल में फंसाती हैं। एसपी ने बताया कि कुछ जालसाज विदेश में अच्छी नौकरी, आकर्षक वेतन, आसान वीजा प्रक्रिया और स्थायी निवास (PR) दिलवाने का लालच देकर लोगों से मोटी रकम वसूलते हैं। कई बार फर्जी वीजा, नकली जॉब ऑफर लेटर, फर्जी वर्क परमिट और इमिग्रेशन दस्तावेज उपलब्ध करवाकर लोगों के साथ धोखाधड़ी की जाती है। ऐसे मामलों में पीड़ित व्यक्ति को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ विदेश पहुंचने पर कानूनी परेशानियों का भी सामना करना पड़ सकता है। विदेश जाने से पहले इन बातों का रखें विशेष ध्यान:
1.किसी भी वीजा या माइग्रेशन एजेंसी को पैसे देने से पहले उसकी वैधता, पंजीकरण और कार्यालय की पूरी जानकारी जांच लें।
2.दुबई/UAE या किसी अन्य देश में नौकरी दिलवाने के नाम पर मिलने वाले ऑफर की संबंधित कंपनी से सीधे पुष्टि करें।
3.वीजा, वर्क परमिट और जॉब ऑफर लेटर की प्रामाणिकता संबंधित देश के आधिकारिक सरकारी पोर्टल या दूतावास से सत्यापित करें।
4.सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप और ऑनलाइन विज्ञापनों के जरिए मिलने वाले आकर्षक विदेश रोजगार प्रस्तावों पर बिना जांच भरोसा न करें।
5.किसी अनजान व्यक्ति या एजेंसी के निजी बैंक खाते, यूपीआई अथवा संदिग्ध माध्यम से पैसे ट्रांसफर न करें।
6.बिना उचित रसीद, लिखित एग्रीमेंट और भुगतान की शर्तों को समझे कोई रकम न दें।
7.अपना पासपोर्ट, आधार कार्ड, बैंक विवरण, ओटीपी या अन्य व्यक्तिगत दस्तावेज अनजान व्यक्तियों के साथ साझा न करें।
8.यदि कोई एजेंसी बिना उचित प्रक्रिया के गारंटीड वीजा, पक्का वर्क परमिट या निश्चित समय में विदेश भेजने का दावा करती है तो विशेष सावधानी बरतें।
ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत एसपी हिसार ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति फर्जी वीजा, नकली नौकरी के ऑफर या माइग्रेशन के नाम पर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत पुलिस को शिकायत दें। ऑनलाइन आर्थिक धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। एसपी हिसार ने आमजन से अपील की कि विदेश जाने का सपना पूरा करने के लिए जल्दबाजी में अपनी मेहनत की कमाई किसी अनजान एजेंसी के हवाले न करें। एजेंसी और दस्तावेजों की पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद ही आगे की प्रक्रिया अपनाएं। आपकी सतर्कता आपको आर्थिक धोखाधड़ी और कानूनी परेशानियों से बचा सकती है।

Related Articles

Back to top button