सफेद ब्रेजा बनी शक का कारण… खुल गया अफीम तस्करी का राज!
सफेद ब्रेजा बनी शक का कारण… खुल गया अफीम तस्करी का राज!
हिसार :- ( अमित कुमार )पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन एवं कुशल नेतृत्व में हिसार पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत CIA हिसार की टीम ने कैमरी रोड, हिसार पर कार्रवाई करते हुए एक कार सवार व्यक्ति को 1 किलो 304 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अफीम की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की ब्रेजा कार भी कब्जे में ली है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। CIA प्रभारी इंस्पेक्टर कर्मजीत सिंह ने बताया कि उनकी टीम गश्त एवं अपराधों की जांच-पड़ताल के दौरान जेल-2, राजगढ़ रोड हिसार के नजदीक मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद रंग की ब्रेजा कार में अफीम लेकर कैमरी रोड की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने BLD शक्ति ट्रेडर्स, 33 फुटा रोड, कैमरी रोड हिसार के सामने नाकाबंदी की। कुछ समय बाद बताए गए हुलिये एवं वाहन के अनुसार सफेद रंग की ब्रेजा कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रुकवाकर चालक को काबू किया। पूछताछ में आरोपी की पहचान राजेश निवासी जगदीश कॉलोनी, हांसी के रूप में हुई। नियमानुसार तलाशी लेने पर कार के डैशबोर्ड से एक पॉलीथीन लिफाफा बरामद हुआ। लिफाफे की जांच करने पर उसमें रखे पारदर्शी सफेद लिफाफे से 1 किलो 304 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने बरामद अफीम एवं ब्रेजा कार को कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना आजाद नगर, हिसार में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे गहनता से पूछताछ की जा सके और नशा तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों एवं नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। एसपी हिसार का सख्त संदेश: पुलिस अधीक्षक हिसार ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ हिसार पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। नशे की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील: नशा तस्करी या नशीले पदार्थों की बिक्री से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत हिसार पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।





