“भागदौड़ भरी जिंदगी में ऐसे रहें स्वस्थ! शिविर में बताया योग और प्राकृतिक चिकित्सा का महत्व”||
- “भागदौड़ भरी जिंदगी में ऐसे रहें स्वस्थ! शिविर में बताया योग और प्राकृतिक चिकित्सा का महत्व”||

सिरसा :- (अक्षित कम्बोज) हरियाणा योग आयोग की ओर से महाराजा अग्रसेन चिकित्सालय में 16 से 20 नवंबर तक प्राकृतिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और योग एवं आयुष से जुड़े कर्मचारियों को इसके महत्व, उपयोगिता तथा उपचार की विभिन्न विधियों से अवगत करवाना है। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को प्राकृतिक चिकित्सा के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी भी दी जा रही है। इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा, जिला योग को-आॅर्डिनेटर डॉ. सुरेंद्र नागर सहित सभी आयुष योग सहायक उपस्थित रहे। वहीं महाराजा अग्रसेन प्राकृतिक चिकित्सालय के कार्यवाहक प्रधान सुरेश सतनालीवाला एवं महासचिव सतीश हिसारिया ने भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। सभी अतिथियों ने प्राकृतिक चिकित्सा और योग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार बताया। चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. राजेंद्र वर्मा तथा महिला चिकित्सा विभाग की डॉ. नीलिमा वर्मा ने शिविर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके साथ सहायक थैरेपिस्ट कमल, किरण देवी, सुनीता एवं कमला देवी ने आए हुए योग सहायकों को प्राकृतिक चिकित्सा से संबंधित विभिन्न जानकारियां दीं और उपचार पद्धति को समझाने में सहयोग किया। इस दौरान प्रतिभागियों को बताया गया कि प्राकृतिक चिकित्सा में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्राकृतिक संसाधनों और संतुलित जीवनशैली का विशेष महत्व है। प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के उपलक्ष्य में चिकित्सालय परिसर में वैदिक हवन का भी आयोजन किया गया। हवन में उपस्थित लोगों ने आहुति डालकर सर्वकल्याण एवं स्वस्थ समाज की कामना की। इस अवसर पर प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। सुरेश सतनालीवाला ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग और प्राकृतिक चिकित्सा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या, योगाभ्यास, संतुलित खानपान और प्राकृतिक जीवनशैली अपनाना जरूरी है। इस प्रकार के शिविरों से आयुष एवं योग से जुड़े कर्मचारियों को नई जानकारी मिलती है, जिसका लाभ आमजन तक पहुंचाया जा सकता है। #newstodayhry




