साइबर ठगों का नया खेल! कॉल फॉरवर्डिंग स्कैम से रहें सतर्कII
साइबर ठगों का नया खेल! कॉल फॉरवर्डिंग स्कैम से रहें सतर्क

हिसार – ( अमित कुमार ) :- पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आमजन को साइबर अपराध के नए तरीके ‘कॉल फॉरवर्डिंग स्कैम’ के प्रति सचेत करते हुए एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी अब कूरियर या डिलीवरी एजेंट बनकर लोगों को फोन कर रहे हैं और पार्सल डिलीवरी, पता सत्यापन या पार्सल संबंधी समस्या का बहाना बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। ठग पीड़ित को विश्वास में लेकर 21, 61, 67 या 401 जैसे विशेष USSD कोड डायल करने के लिए कहते हैं। जैसे ही व्यक्ति उनके बताए निर्देशों का पालन करता है, उसके मोबाइल नंबर पर कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय हो सकती है। इसके बाद मोबाइल पर आने वाली कॉल ठगों के नंबर पर डायवर्ट हो सकती हैं। इस तरीके का इस्तेमाल कर साइबर अपराधी बैंकिंग से जुड़ी वेरिफिकेशन कॉल और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों तक पहुंचने का प्रयास करते हैं। कई मामलों में इसका इस्तेमाल बैंक खातों और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी धोखाधड़ी को अंजाम देने के लिए किया जाता है। एसपी हिसार ने आमजन को इन महत्वपूर्ण सावधानियों का पालन करने की अपील की है :
1.कूरियर या डिलीवरी एजेंट के कहने पर कोई भी कोड डायल न करें। पार्सल डिलीवरी, पता सत्यापन या अन्य किसी बहाने से बताए गए USSD कोड को मोबाइल में डायल करने से साफ इनकार करें।
2.समय-समय पर कॉल फॉरवर्डिंग सेटिंग जांचते रहें। अपने मोबाइल की कॉल सेटिंग में जाकर देखें कि कहीं आपकी जानकारी के बिना कॉल फॉरवर्डिंग तो सक्रिय नहीं है।
3.अनजान लिंक और फोन कॉल पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल की सेटिंग में बदलाव न करें और न ही उसके बताए तकनीकी निर्देशों का पालन करें।
4.OTP और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें। बैंक अधिकारी, कूरियर कर्मचारी या डिलीवरी एजेंट बनकर फोन करने वाले व्यक्ति को OTP, PIN, CVV या अन्य गोपनीय जानकारी बिल्कुल न दें।
5 संदेह होने पर कॉल फॉरवर्डिंग बंद करवाएं। यदि आपको लगता है कि आपके मोबाइल पर अनधिकृत कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय हो गई है, तो मोबाइल ऑपरेटर से संपर्क कर इसे तुरंत बंद करवाएं। GSM नेटवर्क पर सभी कॉल फॉरवर्डिंग सेवाएं बंद करने के लिए सामान्यतः ##002# कोड का उपयोग किया जा सकता है। ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत यदि आपके साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, ठगी की रकम को रोकने की संभावना उतनी बेहतर हो सकती है। एसपी हिसार ने कहा कि साइबर अपराधी रोजाना ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। इसलिए किसी भी अनजान कॉल पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। मोबाइल में कोई भी कोड डायल करने से पहले उसकी पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। थोड़ी सी सावधानी आपकी मेहनत की कमाई को साइबर ठगों के हाथों में जाने से बचा सकती है। हिसार पुलिस की अपील : जागरूक बनें, सतर्क रहें और साइबर अपराध मुक्त समाज बनाने में सहयोग करें। #newstodayhry @ newstodayhry




