नशीली गोलियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 92 लाख की खेप बरामद II

हिसार :- ( अमित कुमार ) हिसार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए वाणिज्यिक मात्रा में नशीली गोलियों की खेप बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक सेल हिसार की टीम ने साउथ बाईपास पर लाडवा मोड़ के नजदीक कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 9,000 अल्प्राजोलम (ALPRAZOLAM) गोलियां बरामद की हैं। इन गोलियों का कुल वजन 1 किलो 152 ग्राम है और इनकी कीमत करीब 92 लाख 16 हजार रुपये है। पुलिस ने आरोपी से 1400 रुपये ड्रग मनी और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। भिवानी निवासी आरोपी मोटरसाइकिल सहित काबू, थैले में छिपाकर ले जा रहा था नशीली गोलियां गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की निवासी भिवानी के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के कड़े दिशा-निर्देशों में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक सेल हिसार में तैनात सहायक उप निरीक्षक शक्ति सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त एवं नशा तस्करी की रोकथाम के लिए जांच-पड़ताल कर रहे थे। इसी दौरान टीम बाईपास घोड़ा चौक पर मौजूद थी, जहां उन्हें गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए साउथ बाईपास पर लाडवा मोड़ के नजदीक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया। हरे और पीले रंग के थैले से बरामद हुईं 9,000 अल्प्राजोलम गोलियां मोटरसाइकिल के दाईं ओर हैंडल पर टंगी टंकी पर रखे हरे और पीले रंग के थैले की तलाशी लेने पर उसमें से 9000 अल्प्राजोलम (ALPRAZOLAM) नशीली गोलियां बरामद हुईं। इन गोलियों का कुल वजन 1 किलो 152 ग्राम पाया गया। बरामद नशीली गोलियों की कीमत करीब 92 लाख 16 हजार रुपये है। इसके अतिरिक्त आरोपी के कब्जे से 1400 रुपये ड्रग मनी भी बरामद की गई तथा नशीली गोलियों की तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया। पुलिस रिमांड पर लेकर खंगाला जाएगा नशा तस्करी का नेटवर्क इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना अर्बन एस्टेट हिसार में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान नशीली गोलियों की खरीद के स्रोत, उनकी सप्लाई कहां की जानी थी तथा इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि इस तस्करी के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क का पता लगाकर इसमें संलिप्त अन्य आरोपियों को भी कानून के शिकंजे में लाया जाए। नशा तस्करों को एसपी हिसार की दोटूक चेतावनी पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोग किसी भी सूरत में पुलिस की कार्रवाई से बच नहीं पाएंगे। हिसार पुलिस नशा तस्करों और उनके नेटवर्क पर लगातार निगरानी रख रही है। नशीले पदार्थों की सप्लाई, खरीद-फरोख्त अथवा इस अवैध कारोबार को संरक्षण देने में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के प्रति पुलिस किसी प्रकार की नरमी नहीं बरतेगी। एसपी हिसार की आमजन से अपील एसपी हिसार ने आमजन से अपील की कि नशा तस्करी अथवा नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त से संबंधित कोई भी जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस के साथ-साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है। #newstodayhry @newstodayhry



