विशेष ट्रेन से काशी जाएंगे बुजुर्ग श्रद्धालु, सामने आया पूरा प्लान ||
विशेष ट्रेन से काशी जाएंगे बुजुर्ग श्रद्धालु, सामने आया पूरा प्लान ||

सिरसा :- (अक्षित कम्बोज) भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला प्रवक्ता डॉ. गंगासागर केहरवाला ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार द्वारा प्रदेश के बुजुर्गों की धार्मिक आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन करवाने की पहल सराहनीय है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के पात्र बुजुर्गों को वाराणसी की मुफ्त तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। डॉ. गंगासागर केहरवाला ने कहा कि प्रस्तावित योजना के अनुसार दिसंबर 2026 या जनवरी 2027 में विशेष ट्रेन के माध्यम से बुजुर्ग श्रद्धालुओं को काशी यात्रा पर ले जाया जाएगा। इस विशेष ट्रेन को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ मंदिर सहित वाराणसी के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन करवाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही यात्रियों को टूरिस्ट किट भी उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि उनकी यात्रा सुविधाजनक बन सके। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्ग उठा सकेंगे। इसके लिए परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पात्र श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जल्द ही आॅनलाइन आवेदन पोर्टल खोला जाएगा, जिसके माध्यम से इच्छुक बुजुर्ग तीर्थ यात्रा के लिए आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने पात्र बुजुर्गों से योजना से संबंधित दिशा-निदेर्शों की जानकारी लेकर आवेदन करने का आह्वान किया। डॉ. केहरवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार धार्मिक पर्यटन और बुजुर्गों की सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय प्रयास कर रही है। इससे पहले भी प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्गों को अयोध्या और नांदेड़ साहिब जैसे पवित्र धार्मिक स्थलों की मुफ्त यात्रा करवा चुकी है। अब काशी विश्वनाथ के दर्शन की व्यवस्था से प्रदेश के उन बुजुर्गों की धार्मिक इच्छा पूरी करने में मदद मिलेगी, जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते।उन्होंने कहा कि जीवनभर परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने वाले बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। इस प्रकार की योजनाएं बुजुर्गों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और धार्मिक आस्था को मजबूती प्रदान करती हैं। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त किया। #newstodayhry




