#haryanagorvment
Trending

बार-बार पेशाब आना सामान्य नहीं! प्रोस्टेट की समस्या हो सकती हैII

बार-बार पेशाब आना सामान्य नहीं! प्रोस्टेट की समस्या हो सकती हैII

फरीदाबाद -( शिवम शर्मा):- नवंबर का महीना पुरुषों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष महत्व रखता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में पुरुष अपने परिवार और कामकाज की जिम्मेदारियां निभाने में इतने व्यस्त रहते हैं कि अक्सर अपनी सेहत को ही नजरअंदाज कर देते हैं। नौकरी हो या व्यवसाय, बच्चों की पढ़ाई हो, पत्नी और माता-पिता की देखभाल हो या परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां, पुरुष हर भूमिका निभाने की कोशिश करते हैं। लेकिन इस दौरान वे अपनी शारीरिक और मानसिक परेशानियों को अक्सर अनदेखा कर देते हैं। कई बार बीमारी के लक्षण होने के बावजूद डॉक्टर से सलाह लेने में देर करते हैं। पुरुष स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शुरू हुआ ‘Movember’ अभियान आज पूरी दुनिया में पहचान बना चुका है। इसकी शुरुआत वर्ष 2003 में ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में दो मित्रों ट्रैविस गैरोन और ल्यूक स्लैटरी ने की थी। उन्होंने नवंबर महीने में मूंछें बढ़ाने की एक छोटी-सी पहल शुरू की, जिसमें उनके लगभग 30 मित्र शामिल हुए। धीरे-धीरे इस पहल को पुरुषों के स्वास्थ्य, विशेषकर प्रोस्टेट कैंसर के प्रति जागरूकता से जोड़ा गया। ‘Moustache’ और ‘November’ को मिलाकर इसका नाम Movember रखा गया। आज यह अभियान प्रोस्टेट कैंसर, टेस्टिकुलर कैंसर और पुरुषों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने वाला एक अंतरराष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है। डॉ. राजीव कुमार सेठिया, चेयरमैन एवं प्रमुख यूरोलॉजी, रोबोटिक सर्जरी, यूरो-ऑन्कोलॉजी एवं किडनी ट्रांसप्लांट, यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर-88, फरीदाबादके अनुसार पुरुषों में उम्र बढ़ने के साथ प्रोस्टेट से संबंधित समस्याएं काफी आम हो जाती हैं। प्रोस्टेट ग्रंथि का सामान्य रूप से बढ़ना, जिसे बिनाइन प्रोस्टेटिक हाइपरप्लासिया (BPH) कहते हैं, विशेषकर 50 वर्ष के बाद देखने को मिलता है। बार-बार पेशाब आना, रात में कई बार पेशाब के लिए उठना, पेशाब की धार कमजोर होना और पेशाब करने में कठिनाई इसके प्रमुख लक्षण हैं। समय पर जांच और उपचार से इस समस्या को नियंत्रित किया जा सकता है। दवाइयों के अलावा आधुनिक लेजर तकनीक और सर्जरी भी इसके प्रभावी उपचार हैं। प्रोस्टेट कैंसर भी एक गंभीर बीमारी है, जिसके बारे में जागरूकता बेहद जरूरी है। इसकी शुरुआती अवस्था में अक्सर कोई विशेष लक्षण नहीं दिखाई देते। इसलिए 50 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुषों और जिनके परिवार में प्रोस्टेट कैंसर का इतिहास रहा है, उन्हें यूरोलॉजिस्ट से DRE तथा PSA रक्त जांच के बारे में सलाह लेनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर MRI और बायोप्सी की जाती है। आज प्रोस्टेट कैंसर के इलाज के लिए रोबोटिक सर्जरी, रेडियोथेरेपी, हार्मोन थेरेपी और आधुनिक दवाइयां उपलब्ध हैं। यह भी समझना जरूरी है कि प्रोस्टेट का सामान्य बढ़ना और प्रोस्टेट कैंसर दो अलग-अलग बीमारियां हैं। इसी तरह पुरुष बांझपन भी एक ऐसा विषय है, जिस पर खुलकर बात करने की जरूरत है। संतान न होने के लिए केवल महिला को जिम्मेदार मानना सही नहीं है। लगभग आधे बांझपन के मामलों में पुरुष से संबंधित कारण भी होते हैं। शुक्राणुओं की संख्या, उनकी गति और गुणवत्ता की जांच यानी Semen Analysis से समस्या की पहचान की जा सकती है। आवश्यकता के अनुसार दवाइयों, माइक्रोसर्जरी और IVF/ICSI जैसी आधुनिक तकनीकों से उपचार संभव है। विशेष रूप से संतान की इच्छा रखने वाले पुरुषों को बिना डॉक्टर की सलाह के टेस्टोस्टेरोन इंजेक्शन या दवाइयां नहीं लेनी चाहिए, क्योंकि इससे शुक्राणुओं का निर्माण प्रभावित हो सकता है। #newstodayhry @newstodayhry

Related Articles

Back to top button