रोड़ी में इंटरलॉकिंग टाइल से हमला कर दोस्त की हत्या करने के मामले में आरोपी काबू ।।
रोड़ी में इंटरलॉकिंग टाइल से हमला कर दोस्त की हत्या करने के मामले में आरोपी काबू ।।

बड़ागुढ़ा- (गुरनैब दंदीवाल):- क्षेत्र के गांव रोड़ी में हुए हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए रोड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि 30 अप्रैल की देर रात थाना में सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव रोड़ी स्थित एक इंटरलॉकिंग टाइल फैक्ट्री के अंदर दो दोस्तों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। जांच में सामने आया कि मृतक की पहचान देवेंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के गांव मम्मापुर का निवासी था। वह पिछले सात-आठ वर्षों से रोड़ी में रहकर इंटरलॉकिंग टाइल फैक्ट्री में काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, घटना के समय देवेंद्र अपने दोस्त रवि सिंह के साथ फैक्ट्री परिसर में बने कमरे में शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर रवि सिंह ने पास में पड़ी इंटरलॉकिंग टाइल उठाकर देवेंद्र के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी रवि सिंह उर्फ कालू, निवासी सूरतिया, जिला सिरसा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।। #Newstodayhry @Newstodayhry


