
बड़ागुढ़ा (गुरनैब दंदीवाल) क्षेत्र के गांव अलीकां में आस्था के केंद्र छपड़ी के पास स्थित दशमी वाले मंदिर में श्री बाबा रामदेव सेवा समिति अलीकां एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से बाबा रामदेव जी का10 वां विशाल जागरण व भंडारा आयोजित किया गया।
भगत हनुमान पुजारी ने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार 20 सितंबर रविवार रात्रि 8 बजे हवन यज्ञ किया गया, उसके बाद रात्रि 8:15 बजे श्री गणेश वंदना से जागरण आरंभ हुआ जो अल सुबह आरती के साथ संपन्न हुआ। वहीं 21 सितंबर सोमवार को प्रातः 9:15 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।जागरण में प्रसिद्ध पंजाबी कलाकार दर्शन शर्मा कुरंगावाली ने मीरा बाई पर आधारित भजन मैं तो सासरिए कोनी जाणो मेरी माँ सुनाकर उपस्थित सभी को नाचने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा आ गया सुनैहा बाबा रामदेव दे दरबार तों, तेरे नाम वाली चढ़ गई खुमारी, बाबा रामदेव दे जयकारे आदि भजनों से बाबा जी का गुणगान किया।वहीं प्रसिद्ध भजन गायक दीनू राजस्थानी ने बाबा ताण छतरी, साची-साची बता मोरिया बाबो कद आसी जैसे भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को निहाल कर दिया। भजन मंडली अलीकां द्वारा भी भजनों के माध्यम से बाबा जी का गुणगान किया गया।रात्रि जागरण में उपस्थित कलाकारों, गणमान्य लोगों सहित श्रद्धालुओं के यहाँ पहुंचने पर आयोजकों द्वारा आभार व्यक्त किया। सोमवार कोमंदिर में आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर लंगर ग्रहण किया।



