पुलिस अधीक्षक डबवाली ने खेल प्रशिक्षकों और एनजीओ के साथ बनाई नशा मुक्त युवा शक्ति की रणनीति।।
पुलिस अधीक्षक डबवाली ने खेल प्रशिक्षकों और एनजीओ के साथ बनाई नशा मुक्त युवा शक्ति की रणनीति।।

डबवाली-(पंकज गुदारा ):- जब युवा मैदान में उतरते हैं तो नशा अपने आप हारने लगता है।” इसी सोच को साकार रूप देते हुए पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर आईपीएस के नेतृत्व में “नशा मुक्त भारत अभियान-विकसित भारत की पहचान” के तहत युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में एक विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय डबवाली में खेल प्रशिक्षकों, सामाजिक संगठनों (एनजीओ) तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने खेल प्रशिक्षकों एवं सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें, उन्हें खेलों और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ें तथा नशे की गिरफ्त में आ चुके व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करें। नशे के खिलाफ दौड़ेगा डबवाली, मैराथन के जरिए गूंजेगा जागरूकता का संदेश बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने 26 जून अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर आयोजित की जा रही मैराथन रैली को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यह मैराथन केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि नशे के खिलाफ जन आंदोलन का प्रतीक होगी, जो युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच का संदेश पहुंचाएगी। यह मैराथन 26 जून शाम 05 बजे थाना शहर डबवाली से प्रारंभ होकर कॉलोनी रोड, रेलवे स्टेशन मार्ग से होते हुए बीडीपीओ कार्यालय डबवाली में संपन्न होगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि डबवाली पुलिस की नशा मुक्ति टीम गांव-गांव, स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न सामाजिक मंचों पर पहुंचकर नशा पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर रही है। टीम ऐसे व्यक्तियों एवं उनके परिवारों से संवाद स्थापित कर उन्हें नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार के लिए प्रेरित कर रही है, ताकि वे पुनः सामान्य जीवन जी सकें। इस दौरान नशा पीड़ितों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में उपस्थित खेल प्रशिक्षकों और एनजीओ प्रतिनिधियों ने नशा जागरूकता अभियान, खेल गतिविधियों के विस्तार तथा नशा पीड़ितों के पुनर्वास में सक्रिय सहयोग देने का आश्वासन दिया। डबवाली पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे से पीड़ित है तो उसे उपचार के लिए प्रेरित करें । इसके अलावा नशा तस्करी या नशीले पदार्थों की बिक्री संबंधी किसी भी सूचना को तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न.9138999748 या अपने नजदीकी पुलिस थाना, चौकी में दें । सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।।



