एमएम मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ओढ़ा में CA Foundation परीक्षा उत्तीर्ण छात्राओं का सम्मान ll
एमएम मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ओढ़ा में CA Foundation परीक्षा उत्तीर्ण छात्राओं का सम्मान ll

ओढ़ां-(अशोक गर्ग):- एमएम मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ओढ़ा में सोमवार को प्लस-टू के साथ सीए फाउंडेशन परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली मेधावी छात्राओं प्रीति डुड्डी (276 अंक) एवं गुरप्रीत कौर (239 अंक) के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। दोनों छात्राओं का अपने अभिभावकों के साथ विद्यालय पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा, बैज एवं पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। ज्ञान के प्रतीक दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ तथा पूरे कार्यक्रम में उत्साह, गौरव और उल्लास का वातावरण बना रहा।
इस समारोह में विद्यालय की प्राचार्या सीमा बेनीवाल ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनकी सफलता को पूरे विद्यालय के लिए गौरव का विषय बताया। वाइस प्रिंसिपल जसवीर कौर ने विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
कॉमर्स विभागाध्यक्ष संदीप कुमार ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग शीनू, सुरेंद्र कुमार, प्रियंका शर्मा एवं कॉमर्स विभाग के समर्पित प्रयासों को दिया। छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं अभिभावकों को दिया, जबकि उनके अभिभावकों ने विद्यालय के अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की।
संस्थान के निदेशक गुलाब सिंह ने बताया कि पिछले एक वर्ष में एमएम स्कूल के 6 विद्यार्थी प्लस-टू के साथ सीए फाउंडेशन परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं, जो विद्यालय में उपलब्ध कराई जा रही प्रोफेशनल तैयारी का प्रमाण है। विद्यालय के संस्थापक रोहताश गोदारा ने कहा कि भविष्य में भी संस्थान ऐसे ही उत्कृष्ट परिणाम देता रहेगा। इस अवसर पर ग्लोबल स्टडी पॉइंट की निदेशक किरनजीत कौर ने छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। समारोह में मैनेजिंग डायरेक्टर सतनाम सिंह, मैनेजमेंट सदस्य बीरबल दास, सभी कोऑर्डिनेटर्स, स्टाफ सदस्य, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। #newstodayhry @newstodayhry




