PUNJAB
Trending

तीन महीने ऐतिहासिक बदलाव नशा मुक्त व अपराध मुक्त डबवाली की ओर बढ़ते मजबूत कदम।।

तीन महीने ऐतिहासिक बदलाव नशा मुक्त व अपराध मुक्त डबवाली की ओर बढ़ते मजबूत कदम।।

डबवाली-(पंकज गोदारा):- पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस द्वारा 04 अप्रैल 2026 को पुलिस जिला डबवाली का कार्यभार संभालते ही स्पष्ट संदेश दिया गया था कि नशा तस्करों के लिए डबवाली में कोई स्थान नहीं होगा और नशे की गिरफ्त में फंसे लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी । बीते तीन महीनों में यह संकल्प केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि धरातल पर प्रभावी कार्रवाई, जनसहयोग और संवेदनशील पुलिसिंग के रूप में दिखाई दिया है। डबवाली पुलिस ने कानून का सख्ती से पालन करवाने के साथ-साथ नशा मुक्त समाज के निर्माण को एक जन आंदोलन का स्वरूप दिया, जिसमें पुलिस और आमजन ने मिलकर सामाजिक बदलाव की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए।
नशा तस्करों पर लगातार प्रहार, 336 नशा तस्कर दबोचे
बीते तीन महीनों में डबवाली पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए 125 अभियोग दर्ज कर 225 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करोड़ों रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए, जिनमें 02 किलो 905 ग्राम 914 मिलीग्राम हेरोइन, 03 क्विंटल 32 किलो 811 ग्राम डोडा पोस्त, 01 किलो अफीम, 320 प्रतिबंधित नशीली गोलियां तथा अन्य मादक पदार्थ शामिल हैं। इसके साथ ही नशा तस्करों की सप्लाई चेन को ध्वस्त करते हुए विभिन्न मामलों में 111 सप्लायरों को भी काबू किया गया । इसके अतिरिक्त नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करवाने की कार्रवाई भी की गई, ताकि अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके और नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से समाप्त किया जा सके । जिस दौरान दो नशा तस्करों की करोड़ों रुपये की चल व अचल सम्पत्ति को फ्रीज किया गया । इसी तरह नशा तस्करी में संकल्प अन्य नशा तस्करों की अवैध सम्पत्ति भी रडार पर ली गई है, जिन्हें फ्रीज करने की प्रक्रिया प्रगति पर है ।
अवैध शराब तस्करों पर भी सख्त कार्रवाई
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अवैध शराब तस्करों पर भी लगातार कार्रवाई करते हुए 14 अभियोग दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 660.25 बोतल अवैध देसी शराब, 13 लीटर अवैध हथकड़ शराब, 79.75 बोतल अंग्रेजी शराब, 180 बोतल बीयर तथा 180 लीटर लाहन बरामद किया।केवल कार्रवाई नहीं, उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष फोकस डबवाली पुलिस की प्राथमिकता केवल नशा तस्करों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई तक सीमित नहीं रही, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे युवाओं एवं अन्य व्यक्तियों को नया जीवन देने के लिए उपचार और पुनर्वास पर भी विशेष बल दिया गया।डबवाली पुलिस की नशा मुक्ति टीम गांवों और शहरों में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर 417 नशा पीड़ित व्यक्तियों को उपचार प्रक्रिया से जोड़ा गया। इन सभी का नियमित रूप से पुलिस टीम द्वारा स्वास्थ्य सुधार संबंधी फीडबैक लिया जा रहा है । उपचार प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाते हुए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 11 स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किए जिनमें अनुभवी चिकित्सकों द्वारा नशा पीड़ित व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की गई ।
इस प्रभावी रणनीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। 14 नशा पीड़ित व्यक्तियों ने नशे को हमेशा के लिए त्याग कर समाज की मुख्यधारा में सफलतापूर्वक वापसी की तथा नए जीवन की शुरुआत की। गांव-गांव पहुंचा जागरूकता अभियान, बना जन आंदोलन नशे के खिलाफ समाज को संगठित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डबवाली एवं उप पुलिस अधीक्षकों के नेतृत्व में गांवों में “संध्या संवाद” कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिलाओं, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ खुला संवाद स्थापित कर नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा नशा तस्करों के विरुद्ध सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त गांव-गांव, स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संस्थाओं, धार्मिक संगठनों एवं आमजन के साथ निरंतर संवाद स्थापित किया गया। नशा जागरूकता रैलियां, पुलिस-पब्लिक समन्वय बैठक, मैराथन, साइकिल रैलियां तथा विभिन्न जन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों नागरिकों ने नशा मुक्त डबवाली के निर्माण का संकल्प लिया।
खेलों के माध्यम से युवाओं को दी नई दिशा
युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा खेलों के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश समाज तक पहुंचाया।एसपी जसलीन कौर ने जताया आमजन का आभार
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है । नशा तस्करों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, वहीं नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के माध्यम से नया जीवन देने के प्रयास भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने पुलिस जिला डबवाली के नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक संस्थाओं, मीडिया तथा सभी जागरूक नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग ही नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त डबवाली की सबसे बड़ी शक्ति है।
उन्होंने कहा कि डबवाली पुलिस पूरी प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता और दृढ़ संकल्प के साथ इस जनआंदोलन को आगे बढ़ाती रहेगी तथा नशा मुक्त-अपराध मुक्त डबवाली के संकल्प को साकार करने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान निरंतर जारी रखेगी।आमजन से अपील है कि अगर आपके आस पास कोई व्यक्ति नशे के सेवन, अवैध बिक्री या नशा तस्करी से जुड़ी किसी अन्य गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो इसकी सूचना बेझिझक होकर तुरंत मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 या अपने नजदीकी थाना, चौकी में दें । सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button