नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का जनअभियान तेज, 13 नशा पीड़ितों को घर व नागरिक अस्पताल में पहुंचाई उपचार की सुविधा।।
नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का जनअभियान तेज, 13 नशा पीड़ितों को घर व नागरिक अस्पताल में पहुंचाई उपचार की सुविधा।।

हिसार(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस के सफल नेतृत्व में हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम द्वारा थाना आजाद नगर क्षेत्र के गांव रावत खेड़ा एवं तलवंडी बादशाहपुर में नशे के खिलाफ विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं एवं पुरुषों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। गांव रावत खेड़ा की प्राचीन साथरी श्री गुरु जंभेश्वर भगवान विष्णु मंदिर के पवित्र प्रांगण में चल रही जांम्भावाणी हरि कथा में नशा मुक्ति टीम ने पहुंचकर करीब 500 युवा श्रोताओं, महिलाओं एवं पुरुषों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। युवाओं एवं अभिभावकों को अपने बच्चों को नशे से दूर रखने तथा उन्हें पढ़ाई और खेलों की ओर प्रेरित करने की अपील की गई। टीम द्वारा ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें नशे से स्वयं दूर रहने और अपने परिवार को भी नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित किया गया। गांव के सरपंच एवं ग्रामवासियों से मिलकर नशा मुक्ति अभियान में सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही नशा पीड़ित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों से संपर्क कर उन्हें नियमित रूप से उपचार एवं दवाई लेने के लिए प्रेरित किया गया तथा क्षेत्र में नशा तस्करी से संबंधित जानकारी भी जुटाई गई।
13 नशा पीड़ितों को उपचार एवं दवाई उपलब्ध करवाई
नशा मुक्ति पुलिस टीम द्वारा आज हिसार क्षेत्र के 08 नशा पीड़ितों को उनके घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाई उपलब्ध करवाई गई। इसके अलावा 01 नशा पीड़ित को नागरिक अस्पताल में पहली बार उपचार एवं दवाई दिलवाई गई, जबकि 04 नशा पीड़ितों को नागरिक अस्पताल स्थित नशा मुक्ति केंद्र से दूसरी बार दवाई उपलब्ध करवाई गई। इस दौरान नशा पीड़ितों के ब्लड टेस्ट एवं काउंसलिंग भी करवाई गई। इस प्रकार आज कुल 13 नशा पीड़ितों को घर एवं सरकारी अस्पताल के माध्यम से एलोपैथिक तथा आयुर्वेदिक उपचार एवं दवाई उपलब्ध करवाई गई।
नशे से होने वाले नुकसान के बारे में किया जागरूक
नशा मुक्ति टीम ने ग्रामीणों को समझाया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करने के साथ-साथ उसके परिवार एवं समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। नशे की लत से व्यक्ति को आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ उसका सामाजिक जीवन भी प्रभावित होता है। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने आसपास यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में है तो उसे उपचार एवं काउंसलिंग के लिए प्रेरित करें। साथ ही नशा तस्करों के संबंध में पुलिस को सूचना देकर समाज को नशामुक्त बनाने में अपना योगदान दें। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने कहा कि हिसार पुलिस का लक्ष्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं एवं अन्य व्यक्तियों को उपचार, काउंसलिंग और जागरूकता के माध्यम से मुख्यधारा में वापस लाना भी है। हिसार पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर नशामुक्त हिसार बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।। #Newstodayhry @Newstodayhry




