बदमाशों को फॉलो नहीं, अच्छे भविष्य को फॉलो करें—हिसार पुलिस ने युवाओं की काउंसलिंग की ll
बदमाशों को फॉलो नहीं, अच्छे भविष्य को फॉलो करें—हिसार पुलिस ने युवाओं की काउंसलिंग की ll

हिसार-(अमित कुमार):-पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के निर्देशानुसार हिसार पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपराधियों द्वारा अपनी फॉलोइंग बढ़ाकर युवाओं को अपराध की ओर आकर्षित करने तथा अपराध का महिमामंडन करने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में हिसार कोर्ट परिसर में हिसार एवं हांसी क्षेत्र के आसपास के युवाओं की काउंसलिंग की गई। पुलिस द्वारा युवाओं को समझाया गया कि वे अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों की Instagram ID अथवा अन्य सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो न करें और न ही बदमाशों की आपत्तिजनक वीडियो, फोटो या पोस्ट को लाइक, शेयर अथवा कमेंट करें।
पुलिस ने युवाओं को बताया कि सोशल मीडिया पर अपराधियों की पोस्ट को लाइक और शेयर करने से उनकी पहुंच एवं फॉलोइंग बढ़ती है, जिससे वे युवाओं पर अपना प्रभाव बनाने का प्रयास करते हैं। अपराधियों का सोशल मीडिया पर महिमामंडन अपराध को बढ़ावा देने का माध्यम बन सकता है। इसलिए युवा सोशल मीडिया का जिम्मेदारी एवं सकारात्मक तरीके से इस्तेमाल करें।काउंसलिंग के दौरान युवाओं को यह भी समझाया गया कि यदि उन्हें सोशल मीडिया पर अपराध, हथियारों का प्रदर्शन, धमकी, नशे या आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली कोई पोस्ट अथवा वीडियो दिखाई देती है तो उसे आगे प्रसारित न करें, बल्कि इसकी सूचना पुलिस को दें।काउंसलिंग के बाद युवाओं ने पुलिस को आश्वासन दिया कि वे भविष्य में सोशल मीडिया पर किसी भी आपत्तिजनक या आपराधिक सामग्री को लाइक, शेयर अथवा प्रचारित नहीं करेंगे तथा किसी भी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करेंगे।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि युवा देश और समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। अपराधियों की सोशल मीडिया फॉलोइंग बढ़ाने के बजाय युवाओं को शिक्षा, खेल, करियर और सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस सोशल मीडिया पर अपराध को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और युवाओं को अपराध की दुनिया से दूर रखने के लिए जागरूकता एवं काउंसलिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। “बदमाशों को फॉलो नहीं, अच्छे भविष्य को फॉलो करें—सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी से करें।” @newstodayhry #newstodayhry




