सिरसा में BJP प्रभारी भारत भूषण जुयाल का बड़ा संदेश, 5 विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य ll
सिरसा में BJP प्रभारी भारत भूषण जुयाल का बड़ा संदेश, 5 विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-भाजपा के नवनियुक्त जिला प्रभारी एवं हरको बैंक के चेयरमैन भारत भूषण जुयाल का नए दायित्व के बाद सिरसा में पहला आगमन महज औपचारिक स्वागत कार्यक्रम बनकर नहीं रह गया। उनके संबोधन ने लंबे समय से संगठनात्मक चुनौतियों से जूझ रहे कार्यकर्ताओं के बीच नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार किया। करीब चार दशक के संगठनात्मक अनुभव के साथ पहुंचे जुयाल ने अपने पहले ही संबोधन में कार्यकर्ताओं को चुनावी लक्ष्य के साथ-साथ संगठन की बुनियाद यानी बूथ स्तर के कार्यकर्ता पर फोकस करने का संदेश दिया। जुयाल ने अपने संबोधन में साफ शब्दों में कहा कि किसी व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए काम करना है। उन्होंने सत्ता को लक्ष्य नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बताया। उनके इस संदेश ने मंच से लेकर कार्यकर्ताओं के बीच तक माहौल को खासा ऊर्जावान बना दिया।
जुयाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि संगठन में आने वाला हर प्रभारी एक दिन चला जाता है, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि अपने कार्यकाल में वह संगठन के लिए क्या करके जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने के लिए जीत को लक्ष्य बनाने का आह्वान किया। उनके अनुसार जीत केवल जिला अध्यक्ष या बड़े पदाधिकारियों की नहीं होगी, बल्कि उस पन्ना प्रमुख की भी होगी जो अपने क्षेत्र के 15 घरों की जिम्मेदारी संभालता है। यही बात उनके संबोधन की सबसे अहम कड़ी रही-संगठन का असली आधार बूथ है और बूथ का असली आधार कार्यकर्ता।
सिरसा की राजनीतिक चुनौती से भी नहीं बची नजर – बोले, ‘कमरों से बाहर निकलकर बूथ पर उतरना होगा’
जुयाल ने सिरसा की राजनीतिक स्थिति पर भी खुलकर बात की। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई कि प्रदेश में भाजपा की तीन बार सरकार बनने के बावजूद सिरसा जिले की कोई विधानसभा सीट भाजपा नहीं जीत सकी। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं के सामने एक बड़ा लक्ष्य भी रख दिया-अगली बार सिरसा जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत। यह बात कार्यकर्ताओं के लिए केवल राजनीतिक लक्ष्य नहीं, बल्कि चुनौती के रूप में सामने आई। बैठक में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के मुताबिक, प्रभारी के इस सीधे और स्पष्ट आकलन ने संगठन के भीतर लंबे समय से चली आ रही निष्क्रियता पर भी सवाल खड़े किए हैं।बैठक में कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रिया से भी साफ नजर आया कि जुयाल का पहला दौरा संगठन के भीतर अलग प्रभाव छोड़ गया है। नेताओं ने माना कि लंबे समय बाद कार्यकर्ताओं को ऐसा संबोधन सुनने को मिला, जिसमें केवल भाषण नहीं बल्कि मैदान में उतरकर काम करने का स्पष्ट रोडमैप दिखाई दिया। जुयाल ने कार्यकर्ताओं को यह भी समझाया कि संगठन में छोटा-बड़ा कोई नहीं होता। बूथ का कार्यकर्ता ही वह सिपाही है जो चुनाव की वास्तविक लड़ाई लड़ता है। इसलिए उसकी समस्याओं, परिवार और जरूरतों की चिंता करना संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है।
संघ से सीखे संस्कारों को बनाया संबोधन का आधार-1980 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े जुयाल ने अपने लंबे संगठनात्मक अनुभव को भी कार्यकर्ताओं के सामने रखा। उन्होंने ‘देश हमें देता है सब कुछ, हम भी तो कुछ देना सीखें’ जैसे भाव के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति चाहे बूथ अध्यक्ष हो या प्रदेश स्तर का पदाधिकारी, सरकारी कर्मचारी हो या सामाजिक कार्यकर्ता-जिस भूमिका में है, उसे अपना दायित्व पूरी ईमानदारी से निभाना चाहिए। उनके अनुसार यही राष्ट्रधर्म है और यही संगठन की ताकत भी।जुयाल ने भाजपा के संगठनात्मक लक्ष्य को केवल चुनाव और सत्ता तक सीमित नहीं माना। उन्होंने 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और विश्वगुरु भारत के निर्माण को व्यापक लक्ष्य बताते हुए कहा कि इसके लिए समाज के हर क्षेत्र में काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव जीतना जरूरी है, क्योंकि सरकार जनकल्याण और विकास का माध्यम है, लेकिन सत्ता अपने आप में अंतिम मंजिल नहीं है।
पहले दौरे का असर-जोश दिखा, उम्मीद जगी-कार्यक्रम के बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की प्रतिक्रियाओं में एक बात समान रही-जुयाल की एंट्री ने संगठन में ऊर्जा पैदा की है। नेताओं ने उनके करनाल समेत अन्य क्षेत्रों में संगठनात्मक अनुभव और चुनावी सफलता का उल्लेख करते हुए उम्मीद जताई कि सिरसा में भी उनके अनुभव का लाभ मिलेगा। खास बात यह रही कि उनके संबोधन में बड़े नेताओं के बजाय बार-बार बूथ कार्यकर्ता केंद्र में रहा। यही वजह रही कि बैठक के बाद कार्यकर्ताओं में यह चर्चा सुनाई दी कि यदि प्रभारी के संदेश को जमीन पर उतारा गया तो संगठन की तस्वीर बदल सकती है। जुयाल का पहला दौरा इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि उन्होंने सिरसा में भाजपा की कमजोरी को छिपाने के बजाय स्वीकार किया और उसी कमजोरी को ताकत में बदलने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं के सामने रखा। अब देखना यह होगा कि पहली मुलाकात में पैदा हुआ यह जोश बूथ तक पहुंचकर कितनी देर तक कायम रहता है और संगठन इसे चुनावी परिणाम में कितना बदल पाता है। चंडीगढ़ की बैठक के चलते आज सुबह ही रवाना हुए जुयाल-भाजपा के नवनियुक्त जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल का सिरसा में आज भी कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन चंडीगढ़ में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक के चलते उन्हें आज प्रातः ही सिरसा से रवाना होना पड़ा। बताया गया कि उनके आज के कार्यक्रम पहले से तय हो चुके थे और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों सहित कई संगठनात्मक कार्यक्रम निर्धारित थे। चंडीगढ़ की बैठक में उनकी मौजूदगी जरूरी होने के कारण उन्हें सिरसा का दौरा बीच में छोड़कर सुबह ही रवाना होना पड़ा। पहले दौरे में कार्यकर्ताओं से मिले उत्साह के बाद आज के कार्यक्रमों को लेकर भी संगठन में खासा उत्साह था।
संगठन से बैंकिंग तक-तीन दिवसीय प्रवास में सक्रिय रहे जुयाल – भाजपा के नवनियुक्त जिला प्रभारी एवं हरको बैंक के चेयरमैन भारत भूषण जुयाल ने सिरसा में अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ बैंकिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की। प्रथम संगठनात्मक बैठक में जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतीन्द्र सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ नेता जगदीश चोपड़ा सहित पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। जुयाल ने कोर ग्रुप, मंडल अध्यक्षों व मंडल प्रभारियों, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों तथा शक्ति केंद्र प्रमुखों के साथ अलग-अलग बैठकें कर परिचय और द्विपक्षीय संवाद किया। आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए जुयाल ने विश्वास जताया कि भाजपा आने वाले समय में सिरसा जिले में नया इतिहास रचेगी।
वहीं तीन दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने जिला केंद्रीय सहकारी बैंक फतेहाबाद और सिरसा में भी समीक्षा बैठकें कीं। महाप्रबंधकों, चेयरमैन, अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, पैक्स प्रबंधकों और निदेशकों के साथ संवाद करते हुए बैंक के चहुंमुखी विकास और सभी क्षेत्रों में कार्य विस्तार की संभावनाओं पर मंथन किया। जुयाल ने कहा कि कर्मठता और प्रमाणिकता के साथ मिलकर काम करने से बैंक नई उपलब्धियां हासिल करेगा।@newstodayhry #newstodayhry




