संगम स्कूल भरोखां में राखी बनाओ प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा ll
संगम स्कूल भरोखां में राखी बनाओ प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा ll

सिरसा-(अक्षित कम्बोज):-रक्षाबंधन के पावन पर्व को प्रेम, भाईचारे और आत्मीयता के साथ मनाने के उद्देश्य से संगम स्कूल भरोखां में मंगलवार को राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खास बात यह रही कि इस रचनात्मक प्रतियोगिता में छात्राओं के साथ-साथ छात्रों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कल्पनाशीलता से आकर्षक एवं सुंदर राखियां तैयार कीं। संगम स्कूल में अगस्त 2017 से प्रत्येक वर्ष राखी बनाओ प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को रक्षाबंधन के सांस्कृतिक एवं भावनात्मक महत्व से जोड़ने के साथ-साथ उनमें रचनात्मकता और स्वनिर्भरता की भावना विकसित करना है। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया जाता है कि बाजार से राखी खरीदने के बजाय अपने हाथों से राखी बनाकर भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम की मिठास और बढ़ाई जा सकती है। विद्यालय की छात्राएं अपने भाइयों के लिए स्वयं सुंदर राखियां तैयार करती हैं। वहीं जिन विद्यार्थियों की बहनें छोटी हैं, वे भी अपनी बहनों के लिए स्वयं राखी बनाकर उन्हें रक्षाबंधन के दिन अपनी कलाई पर बांधने का अवसर देते हैं। इस प्रकार विद्यालय में तैयार की गई राखियां केवल सजावटी वस्तु नहीं रहतीं, बल्कि भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और अपनत्व का प्रतीक बन जाती हैं। प्रतियोगिता को सीनियर और जूनियर वर्ग में विभाजित किया गया। सीनियर वर्ग में सुखसागर की राखी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि काव्या की राखी द्वितीय स्थान पर रही। इसी प्रकार जूनियर वर्ग में आयना की राखी प्रथम तथा हंशिका की राखी द्वितीय रही। विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की गई। इस अवसर पर विद्यालय के मुख्य अध्यापक छगन सेठी ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राखी का त्योहार भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और आपसी स्नेह का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति और परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना पैदा होती है तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को भी मंच मिलता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक बधाई दी। विद्यालय परिसर में प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगे धागों, मोतियों, सजावटी सामग्री और विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता से तैयार राखियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि अपने हाथों से बनाई गई राखी में बाजार से खरीदी राखी की अपेक्षा भावनाओं और अपनत्व की मिठास कहीं अधिक होती है। @newstodayhry #newstodayhry




