नवोदय विद्यालय में हिंदी कार्यशाला, कर्मचारियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा II
नवोदय विद्यालय में हिंदी कार्यशाला, कर्मचारियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा II

ओढ़ां-(अशोक गर्ग):- पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत ‘राजभाषा हिंदी अधिनियम से व्यवहार तक’ विषय पर हिंदी कार्यशाला तथा विद्यालय के समस्त कर्मचारियों हेतु सामान्य हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी के संवैधानिक प्रावधानों, राजभाषा अधिनियम एवं कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रभावी एवं व्यवहारिक प्रयोग के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यशाला में प्रस्तुतकर्ता महेंद्र कुमार बैरवा, राजभाषा प्रभारी (पीजीटी हिंदी) ने राजभाषा हिंदी के संवैधानिक प्रावधानों, राजभाषा अधिनियम, राजभाषा नियमों तथा सरकारी कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का उद्देश्य केवल कार्यालयी औपचारिकताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे दैनिक कार्य-व्यवहार का सहज एवं प्रभावी माध्यम बनाना भी आवश्यक है।कार्यशाला के दौरान कार्यालयी हिंदी, शुद्ध एवं सरल भाषा-प्रयोग, पत्राचार, प्रतिवेदन, कार्यवृत्त तथा हिंदी में कार्य करने की उपयोगिता पर भी चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों एवं प्रश्नोत्तर के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यशाला के पश्चात सभी कर्मचारियों के लिए सामान्य हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में शुद्ध-अशुद्ध शब्द, पर्यायवाची-विलोम, शब्द-युग्म, मुहावरे-लोकोक्तियाँ एवं हिंदी भाषा के सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यालय के प्राचार्य ललित कालड़ा ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल देते हुए कहा कि हिंदी को कार्यालयीन कार्यों और दैनिक व्यवहार में अपनाने से राजभाषा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और अधिक सुदृढ़ होगी। उप प्राचार्य नवीन लांबा ने कार्यशाला एवं प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों तथा प्रतिभागियों को बधाई दी। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि, जागरूकता एवं व्यवहारिक प्रयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। #newstodayhry @newstodayhry




