Sextortion से रहें सावधान, Blackmailer को पैसा न दें II
Sextortion से रहें सावधान, Blackmailer को पैसा न दें II

हिसार-(अमित कुमार):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने नागरिकों को साइबर अपराध के एक गंभीर रूप “Sextortion” से सावधान करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अश्लील वीडियो, फोटो या निजी चैट को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग करता है, तो घबराने अथवा ब्लैकमेलर की मांग पूरी करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। ब्लैकमेलर को पैसा देने से समस्या खत्म होने की बजाय उसकी मांग लगातार बढ़ सकती है। एसपी ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर सोशल मीडिया या मैसेजिंग एप के माध्यम से पहले दोस्ती करते हैं। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए बातचीत या अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया जाता है अथवा किसी एडिटेड/फर्जी वीडियो का इस्तेमाल करके व्यक्ति को बदनाम करने की धमकी दी जाती है। इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने, परिवार या परिचितों को भेजने अथवा सोशल मीडिया पर डालने का डर दिखाकर पैसे मांगते हैं। #newstodayhry @newstodayhry
ब्लैकमेल होने पर ये कदम तुरंत उठाएं-
• ब्लैकमेलर को कोई पैसा न दें। उसकी मांग पूरी करने से वह दोबारा और अधिक रकम मांग सकता है।
• आरोपी से बहस या बातचीत बढ़ाने के बजाय उसके नंबर, प्रोफाइल, चैट और अन्य विवरण सुरक्षित रखें।
• ब्लैकमेलर द्वारा भेजे गए मैसेज, स्क्रीनशॉट, मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया प्रोफाइल, बैंक/UPI विवरण आदि को डिलीट न करें।
• आरोपी को और कोई फोटो, वीडियो, OTP, बैंक डिटेल या निजी जानकारी साझा न करें।
• संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आरोपी को Report और Block करें।
• घटना की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर पुलिस को दें।
• साइबर ठगी में पैसे चले गए हैं तो बिना देरी 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं तथा cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।
एसपी श्री सिद्धान्त जैन ने कहा कि “साइबर अपराधी डर और शर्म का फायदा उठाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। किसी भी व्यक्ति को ऐसी स्थिति में शर्मिंदा या भयभीत होने की जरूरत नहीं है। समय रहते पुलिस को जानकारी देने से अपराधी तक पहुंचने और आगे होने वाले नुकसान को रोकने में मदद मिलती है।” #newstodayhry @newstodayhry
सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव-
हिसार पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की Friend Request स्वीकार करने, निजी बातचीत करने और Video Call करने में सावधानी बरतें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर कैमरे के सामने ऐसा कोई कार्य न करें, जिसका बाद में दुरुपयोग किया जा सके। अपने सोशल मीडिया अकाउंट की Privacy Settings को मजबूत रखें और अनजान लिंक या संदिग्ध प्रोफाइल से दूरी बनाए रखें।
हिसार पुलिस का स्पष्ट संदेश है—Sextortion के मामले में चुप्पी या डर नहीं, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना देना ही सही कदम है। #newstodayhry @newstodayhry




