चतरगढ़ पट्टी में भंडारे का सामान चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य काबू।।
चतरगढ़ पट्टी में भंडारे का सामान चोरी करने वाले गिरोह के पांच सदस्य काबू।।

सिरसा-(अक्षित कम्बोज ):- सिरसा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एबीटी स्टाफ सिरसा पुलिस ने भंडारे का सामान चोरी करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को शहर सिरसा क्षेत्र से काबू किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। एबीटी स्टाफ प्रभारी ने बताया कि शनि भंडारा संघ ट्रस्ट सिरसा के संचालकों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि चतरगढ़ पट्टी में ट्रस्ट की ओर से भंडारे का सामान रखने के लिए गोदाम बनाया हुआ है। बीती 27 सितंबर की रात अज्ञात युवक गोदाम में घुस गए और वहां रखा भंडारे में इस्तेमाल होने वाला लाखों रुपये कीमत का बर्तन व अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना की बस स्टैंड पुलिस चौकी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में सुराग जुटाने के साथ-साथ संदिग्ध लोगों पर नजर रखी। इसी दौरान पुलिस को सफलता हाथ लगी और चोरी की वारदात में संलिप्त पांच आरोपियों को शहर सिरसा क्षेत्र से दबोच लिया गया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चतरगढ़ पट्टी निवासी साहिल उर्फ भालू पुत्र राकेश कुमार, साहिल पुत्र मनोज कुमार, मोनू पुत्र अशोक कुमार, विकास उर्फ छोटू पुत्र गिरधारी लाल तथा कपिल पुत्र गिरधारी लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर चोरी किया गया सामान बरामद करने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि गिरोह ने इससे पहले कहीं और तो चोरी की वारदातों को अंजाम नहीं दिया। मामले की जांच जारी है।। #Newstodayhry @Newstodayhry




