Haryana
Trending

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से रहें सावधान, पुलिस कभी वीडियो कॉल पर गिरफ्तार नहीं करती : एसपी सिद्धान्त जैन।।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से रहें सावधान, पुलिस कभी वीडियो कॉल पर गिरफ्तार नहीं करती : एसपी सिद्धान्त जैन।।

हिसार-(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आमजन को साइबर ठगी से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि साइबर अपराधी अब पुलिस, CBI, ED, कस्टम, नारकोटिक्स विभाग या अन्य सरकारी एजेंसी के अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करते हैं और व्यक्ति को किसी अपराध में फंसाने अथवा उसके नाम पर अवैध गतिविधि होने का डर दिखाकर मानसिक दबाव बनाते हैं। इसके बाद पीड़ित को “डिजिटल अरेस्ट” बताकर वीडियो कॉल पर लगातार निगरानी में रखने और पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया जाता है। एसपी हिसार ने स्पष्ट किया कि कोई भी सरकारी जांच एजेंसी या पुलिस वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं करती और न ही वीडियो कॉल पर किसी व्यक्ति को अपने घर में बैठे-बैठे “डिजिटल अरेस्ट” किया जा सकता है। ऐसे कॉल आने पर घबराने के बजाय तुरंत सतर्क हो जाएं।

साइबर ठग इस तरह बनाते हैं शिकार

साइबर अपराधी पहले फोन करके बताते हैं कि आपके नाम से कोई फर्जी सिम, बैंक खाता, पार्सल या अन्य आपराधिक गतिविधि सामने आई है। इसके बाद फर्जी पुलिस अधिकारी या अन्य अधिकारी बनकर वीडियो कॉल पर पूछताछ शुरू कर देते हैं। पीड़ित को धमकाया जाता है कि यदि उसने किसी को फोन किया या कॉल काटी तो उसके खिलाफ कार्रवाई कर दी जाएगी। इसके बाद खाते में मौजूद रकम की जांच, वेरिफिकेशन या सिक्योरिटी के नाम पर पैसे ट्रांसफर करने का दबाव बनाया जाता है।

डिजिटल अरेस्ट से बचने के लिए क्या करें

• किसी अनजान नंबर से पुलिस अथवा सरकारी अधिकारी बनकर आए वीडियो कॉल पर विश्वास न करें।
• डिजिटल अरेस्ट के नाम पर किसी भी खाते में पैसे ट्रांसफर न करें।
• OTP, ATM PIN, CVV, बैंक डिटेल, UPI PIN अथवा कोई अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
• साइबर ठगों द्वारा भेजे गए लिंक, QR कोड या मोबाइल एप डाउनलोड करने से बचें।
• कोई व्यक्ति वीडियो कॉल पर लगातार कैमरा ऑन रखने अथवा किसी से संपर्क न करने के लिए कहे तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
• संदिग्ध कॉल आने पर कॉल काटकर संबंधित विभाग के आधिकारिक नंबर से स्वयं संपर्क कर सत्यापन करें।
• ठगी होने या ठगी का प्रयास होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें तथा cybercrime.gov.in पर भी शिकायत करें।


एसपी हिसार की आमजन से अपील
एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि साइबर अपराधी डर और दबाव का फायदा उठाकर लोगों से ठगी करते हैं। इसलिए किसी भी धमकी भरे फोन कॉल पर घबराकर जल्दबाजी में कोई निर्णय न लें। रुकें, सोचें और सत्यापन करें। पुलिस का नाम लेकर डराने वाले साइबर ठगों के झांसे में न आएं। उन्होंने आमजन से अपील की कि “डिजिटल अरेस्ट” जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। यदि कोई व्यक्ति पुलिस या किसी सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल पर गिरफ्तारी का डर दिखाते हुए पैसे मांगता है, तो समझें कि यह साइबर ठगी का प्रयास हो सकता है। ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।। #Newstodayhry @Newstodayhry

Related Articles

Back to top button