एसपी जसलीन कौर, IPS ने महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों व हॉस्टल वार्डन के साथ की बैठक, विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश।।
एसपी जसलीन कौर, IPS ने महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों व हॉस्टल वार्डन के साथ की बैठक, विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश।।

डबवाली-(पंकज गुदारा ):- विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने, नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, IPS ने आज क्षेत्र के सभी महाविद्यालयों के प्रधानाचार्यों और हॉस्टल वार्डन के साथ बैठक की। बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा, नशा तस्करी की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा महाविद्यालयों और हॉस्टलों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसपी जसलीन कौर ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल तथा सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना पुलिस, शिक्षण संस्थानों और अभिभावकों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानाचार्यों और हॉस्टल वार्डन को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। यदि उन्हें नशे की बिक्री अथवा तस्करी से संबंधित कोई जानकारी मिलती है, तो उसे नजरअंदाज न किया जाए, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए। नशा तस्करी की सूचना मानस पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1933, नजदीकी थाना-चौकी या डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 पर दी जा सकती है। बैठक में साइबर अपराधों से बचाव के उपायों पर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि विद्यार्थियों को फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों और अन्य डिजिटल धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में जागरूक किया जाए। साइबर अपराध का शिकार होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए। महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में एसपी ने निर्देश दिए कि छात्राओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुरक्षा सेवाओं तथा आपातकालीन सहायता के बारे में जानकारी दी जाए। इसके लिए डायल 112, दुर्गा शक्ति ऐप और ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते सहायता प्राप्त की जा सके। इसके साथ ही विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए। शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसपी जसलीन कौर ने सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और कार्यशीलता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों और हॉस्टलों के मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों, पार्किंग स्थलों, गलियारों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। सभी कैमरों की नियमित जांच की जाए और उनकी दिशा इस प्रकार निर्धारित की जाए कि महत्वपूर्ण स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके। खराब या बंद पड़े कैमरों को तुरंत ठीक करवाया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग कम से कम 60 दिनों तक सुरक्षित रखी जाए, डीवीआर (DVR) को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए तथा रिकॉर्डिंग के डाटा का क्लाउड स्टोरेज में भी सुरक्षित बैकअप रखने की व्यवस्था की जाए। इससे किसी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की स्थिति में संबंधित रिकॉर्डिंग उपलब्ध हो सकेगी और आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। संस्थानों में बाहरी व्यक्तियों के आवागमन पर सतर्क निगरानी रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने प्रधानाचार्यों और हॉस्टल वार्डन से कहा कि वे विद्यार्थियों की दैनिक गतिविधियों पर उचित निगरानी रखें और शिक्षण संस्थानों तथा हॉस्टलों के आसपास के वातावरण के प्रति भी सतर्क रहें। यदि आसपास किसी होटल, कैफे या अन्य स्थान पर कोई अनैतिक गतिविधि दिखाई देती है अथवा कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि संज्ञान में आती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसी सूचना डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748, नजदीकी थाना-चौकी या डायल 112 पर दी जा सकती है। एसपी जसलीन कौर ने कहा कि डबवाली पुलिस की विभिन्न टीमें खेल मैदानों और शिक्षण संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही हैं। इन प्रयासों को सफल बनाने में आमजन, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की कि वे विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें, सुरक्षा संबंधी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देकर सहयोग करें। पुलिस और आमजन के आपसी समन्वय तथा सक्रिय भागीदारी से नशा मुक्त, अपराध मुक्त और सुरक्षित डबवाली के लक्ष्य को मजबूती प्रदान की जा सकती है।। #Newstodayhry @Newstodayhry




