#haryanagorvment
Trending

बाइक चोर गिरफ्तार, 3 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद; 7 वारदातों का खुलासा

बाइक चोर गिरफ्तार, 3 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद; 7 वारदातों का खुलासा

हिसार :-(अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में हिसार पुलिस द्वारा वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में CIA मिल गेट टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में आरोपी दीपक निवासी गांव खारा, जिला हिसार को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरीशुदा 3 मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने पूछताछ के दौरान कुल 7 मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदातों को कबूल किया है। CIA मिल गेट प्रभारी सब इंस्पेक्टर जगदीश ने बताया कि 15 मार्च 2026 को सौरव गुप्ता निवासी लोहा मंडी की शिकायत पर रेड टेप शोरूम, दिल्ली रोड से मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच पुलिस अधीक्षक हिसार द्वारा CIA मिल गेट टीम को सौंपी गई थी। टीम ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी एवं गुप्त स्रोतों की सहायता से आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया तथा उसके कब्जे से चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की। उन्होंने बताया कि आरोपी से गहनता से पूछताछ करने पर उसने एक मोटरसाइकिल नागरिक अस्पताल सिरसा तथा दूसरी मोटरसाइकिल रेलवे पार्किंग सिरसा से चोरी करना कबूल किया। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों मोटरसाइकिल भी बरामद कर लीं। इस प्रकार आरोपी से कुल 3 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की जा चुकी हैं। आगे की पूछताछ में आरोपी ने 4 अन्य मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूल की। आरोपी ने बताया कि इनमें से दो मोटरसाइकिलों के पार्ट्स उसने किसी कबाड़ी को बेच दिए तथा दो मोटरसाइकिल किसी मोटरसाइकिल मैकेनिक को बेच दी थीं। इस प्रकार आरोपी द्वारा कुल 7 मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान चोरी की अन्य वारदातों, चोरीशुदा मोटरसाइकिलों को खरीदने वाले व्यक्तियों तथा इस अपराध में शामिल अन्य संभावित आरोपियों के संबंध में गहनता से पूछताछ की जाएगी। पुलिस द्वारा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन ने इस सराहनीय कार्रवाई के लिए CIA मिल गेट टीम की प्रशंसा की। हिसार पुलिस वाहन चोरी की वारदातों में संलिप्त अपराधियों और चोरीशुदा संपत्ति खरीदने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button