चिट्टे की सप्लाई का मास्टरमाइंड गिरफ्तार! हत्या समेत 3 मामले दर्ज
चिट्टे की सप्लाई का मास्टरमाइंड गिरफ्तार! हत्या समेत 3 मामले दर्ज
हिसार :-(अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिले में नशा तस्करों और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना आदमपुर पुलिस ने 6 ग्राम 650 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामदगी के मामले में नशे का असल सप्लायर आरोपी हनुमान निवासी गांव सदलपुर को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि थाना आदमपुर पुलिस ने पूर्व में मंडी आदमपुर से रमेश कुमार निवासी आदमपुर को 6 ग्राम 650 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना आदमपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की आगामी जांच के दौरान पुलिस ने नशे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाते हुए मुख्य सप्लायर आरोपी हनुमान निवासी सदलपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी के खिलाफ हत्या सहित कुल तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2022 में थाना सदर फतेहाबाद में हत्या का एक मामला तथा लड़ाई-झगड़े के दो मामले शामिल हैं। इनमें से एक मामला वर्ष 2013 में थाना सिवानी में दर्ज हुआ था। पुलिस द्वारा आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों तथा इस अवैध कारोबार के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। एसपी हिसार का स्पष्ट संदेश: नशे के अवैध कारोबार में शामिल छोटे सप्लायर से लेकर मुख्य सप्लायर तक किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करी में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हिसार पुलिस आमजन से अपील करती है कि नशा तस्करी या नशे से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें और नशामुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।




