#haryanagorvment
Trending

धुंध में ड्राइविंग से रहें सावधान! एक गलती पड़ सकती है भारी

धुंध में ड्राइविंग से रहें सावधान! एक गलती पड़ सकती है भारी

हिसार :-(अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आमजन एवं वाहन चालकों से अपील की है कि सर्दी के मौसम में धुंध (फॉग) की शुरुआत को देखते हुए सड़क पर वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें। धुंध के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सामने से आने वाले वाहन, सड़क पर चल रहे अन्य वाहन तथा राहगीर समय पर दिखाई नहीं देते। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है।
एसपी हिसार ने कहा कि विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों, ग्रामीण सड़कों तथा अन्य व्यस्त मार्गों पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। धुंध के दौरान वाहन चालक जल्दबाजी में ओवरटेक करने से बचें। केवल तभी ओवरटेक करें जब सामने का रास्ता पूरी तरह साफ दिखाई दे, पर्याप्त दूरी उपलब्ध हो और ओवरटेक करना सुरक्षित हो। बिना संकेत दिए अथवा गलत दिशा से ओवरटेक करने का प्रयास न करें।
धुंध के मौसम में वाहन चालक इन सावधानियों का रखें विशेष ध्यान:
1.ओवरटेक करते समय जल्दबाजी न करें। केवल सुरक्षित स्थान और उचित संकेत देकर ही ओवरटेक करें। धुंध में आगे चल रहे वाहन को पार करने का जोखिम न उठाएं।
2.वाहन की गति नियंत्रित रखें। दृश्यता जितनी कम हो, वाहन की गति उतनी ही कम रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर समय रहते ब्रेक लगाया जा सके।
3.लो-बीम हेडलाइट का प्रयोग करें। धुंध में हाई-बीम लाइट का प्रयोग करने से रोशनी वापस आंखों की ओर परावर्तित हो सकती है। इसलिए लो-बीम लाइट और उपलब्ध होने पर फॉग लैंप का इस्तेमाल करें।
4.वाहनों के बीच उचित दूरी रखें। आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें, ताकि अचानक ब्रेक लगने की स्थिति में टक्कर से बचा जा सके।
5.फॉग लाइट एवं इंडिकेटर सही रखें। वाहन की हेडलाइट, टेल लाइट, इंडिकेटर और फॉग लैंप की पहले से जांच करवा लें।
6.सड़क पर निर्धारित लेन में चलें। बिना आवश्यकता लेन न बदलें और सड़क पर लगे संकेतकों एवं यातायात नियमों का पालन करें।
7.अनावश्यक रूप से ब्रेक न लगाएं। अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रहे वाहन की टक्कर होने का खतरा रहता है। गति धीरे-धीरे कम करें।
8.वाहन के शीशे साफ रखें। विंडस्क्रीन एवं अन्य शीशों पर धुंध या नमी जमा न होने दें। आवश्यकता अनुसार डिफॉगर और वाइपर का प्रयोग करें।
9.सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से बचें। मजबूरी में वाहन रोकना पड़े तो उसे सड़क से सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें तथा पार्किंग लाइट और उपलब्ध चेतावनी संकेतों का प्रयोग करें।
10.दो पहिया वाहन चालक हेलमेट अवश्य पहनें। हेलमेट पर वाइजर साफ रखें और अपनी दृश्यता एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
एसपी हिसार की अपील एसपी हिसार ने कहा कि धुंध के मौसम में वाहन चलाते समय कुछ मिनट की देरी मंजूर है, लेकिन जल्दबाजी में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना उचित नहीं है। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी से पालन करें। याद रखें—धुंध में सावधानी ही सुरक्षा है। आपकी थोड़ी सी सतर्कता सड़क पर कई अनमोल जिंदगियां बचा सकती है।

Related Articles

Back to top button