कानून से भाग रहे थे दो PO आरोपी, पुलिस ने पहुंचा दिया जेल!
कानून से भाग रहे थे दो PO आरोपी, पुलिस ने पहुंचा दिया जेल!
हिसार :-(अमित कुमार ) पुलिस अधीक्षक हिसार के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा अपराधियों और अदालत से भगोड़े उद्घोषित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। हिसार पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा उद्घोषित किए गए PO दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना उकलाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय सुश्री नैना जिंदल,(JMIC) हिसार द्वारा उद्घोषित आरोपी मोनू चावला पुत्र सुभाष चावला निवासी मकान नं. 322, शास्त्री नगर, उकलाना को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध एनआई एक्ट चेक बाउंस के मामले अंकित कुमार बनाम मोनू चावला में माननीय अदालत में पेश न होने पर दिनांक 23.10.2026 को उसे उद्घोषित अपराधी PO घोषित किया गया था। आदेश प्राप्त होने पर थाना उकलाना में दिनांक 11.11.2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 209 के तहत अभियोग दर्ज किया गया। मामले की तफ्तीश करते हुए एएसआई संजीव कुमार की टीम ने आरोपी मोनू चावला को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल में भेज दिया गया है। एक अन्य मामले में हिसार पुलिस ने माननीय न्यायालय श्री दीपक, (JMIC) हिसार द्वारा उद्घोषित आरोपी पवन कुमार पुत्र राम कुमार निवासी गांव चरनौंद, जिला हिसार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पवन कुमार के विरुद्ध एनआई एक्ट के मामले मोहर सिंह बनाम पवन कुमार में अदालत से लगातार गैर-हाजिर रहने पर दिनांक 11.08.2026 को उद्घोषित अपराधी (PO) घोषित करने के आदेश जारी हुए थे। माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी के विरुद्ध धारा 209 BNS के तहत अभियोग दर्ज कर आगामी तफ्तीश एसआई संजय कुमार द्वारा अमल में लाई गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से न्यायिक आदेशानुसार उसे भी जेल भेज दिया गया है। हिसार पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून से भागने वाले अपराधियों और अदालत के आदेशों की अवहेलना करने वाले भगोड़ों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और यह धरपकड़ अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।





