एक सूचना और खुल सकता है नशे का पूरा नेटवर्कII
एक सूचना और खुल सकता है नशे का पूरा नेटवर्कII

हिसार -(अमित कुमार ):- पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए हिसार पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील की है। हिसार पुलिस ने नागरिकों से आह्वान किया है कि यदि उनके आसपास किसी व्यक्ति द्वारा नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी या अन्य किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की जाती है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। नागरिक केवल मूकदर्शक न बनें, बल्कि जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सुरक्षा प्रहरी बनें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस के साथ-साथ आमजन की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। आपकी एक छोटी-सी सूचना किसी युवा को नशे की गिरफ्त में जाने से बचा सकती है और समाज को सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। हिसार पुलिस आमजन को आश्वस्त करती है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नागरिक बिना किसी भय या संकोच के पुलिस को जानकारी दें। आइए, मिलकर संकल्प लें कि नशे को न पनपने देंगे और न ही नशे का कारोबार करने वालों को बख्शेंगे। अपराध एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में हिसार पुलिस का सहयोग करें।




